विश्व फोटोग्राफी दिवस पर कैमरों से निकला हरियाली का संदेश

विश्व फोटोग्राफी दिवस के मौके पर बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन, बक्सर ने इस बार कैमरे और तस्वीरों से आगे बढ़कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। बुधवार को एसोसिएशन की ओर से पांडे पट्टी स्थित ठाकुरबारी परिसर में विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया।

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर कैमरों से निकला हरियाली का संदेश

__ पांडे पट्टी के ठाकुरबारी परिसर में फोटोग्राफरों ने लगाए 21 पौधे, जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण का भी लिया संकल्प

केटी न्यूज/बक्सर।

विश्व फोटोग्राफी दिवस के मौके पर बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन, बक्सर ने इस बार कैमरे और तस्वीरों से आगे बढ़कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। बुधवार को एसोसिएशन की ओर से पांडे पट्टी स्थित ठाकुरबारी परिसर में विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान फोटोग्राफरों और उनके सहयोगियों ने 21 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज कुमार उर्फ संटू की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में आम, अमरूद, कटहल, लाल चंदन, आंवला, नींबू और अनार समेत कई फलदार व उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधरोपण के बाद उपस्थित सदस्यों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।अध्यक्ष नीरज कुमार उर्फ संटू ने कहा कि फोटोग्राफर बीते पलों को तस्वीरों में सुरक्षित रखते हैं, लेकिन पेड़ आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करते हैं।

विश्व फोटोग्राफी दिवस को केवल पेशे से जोड़ने के बजाय सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मनाने का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि 21 पौधों से शुरू हुई यह पहल संख्या से अधिक संदेश के लिहाज से महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम में चंदन कुमार शर्मा, दीपक कुमार शर्मा, मीडिया प्रभारी आलोक कुमार, अमृत सरोज, निसार, राकेश कुमार सिन्हा, बुचानी, पप्पू कुमार गुप्ता, श्रीकांत, रेहान और पिकू कुमार समेत कई फोटोग्राफरों ने भाग लिया। वहीं राकेश कुमार, अमित कुमार, प्रदीप कुमार समेत अन्य सहयोगियों ने अभियान में सहभागिता निभाई।एसोसिएशन की ओर से बुधवार की देर शाम गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरण कार्यक्रम भी आयोजित करने की जानकारी दी गई। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।