तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार बुजुर्ग की ली जान

डुमरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-120 पर शनिवार की शाम एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों की वजह से एक निर्दोष की जान चली गई। डुमरेजनी मां मंदिर के समीप पीछे से आई बाइक की टक्कर से साइकिल सवार 65 वर्षीय वृद्ध शिव मुनि सिंह की मौत हो गई। यह हादसा न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि एनएच पर यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार बुजुर्ग की ली जान

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-120 पर शनिवार की शाम एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों की वजह से एक निर्दोष की जान चली गई। डुमरेजनी मां मंदिर के समीप पीछे से आई बाइक की टक्कर से साइकिल सवार 65 वर्षीय वृद्ध शिव मुनि सिंह की मौत हो गई। यह हादसा न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि एनएच पर यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।मृतक शिव मुनि सिंह, भरोसा हजाम की गली, डुमरांव के निवासी थे और रोजमर्रा की तरह साइकिल से कहीं जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार अत्यधिक तेज रफ्तार में था और पीछे से टक्कर मारकर मौके से निकलने की कोशिश की। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वृद्ध सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है।

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-120 पर न तो स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था है और न ही नियमित पुलिस निगरानी। आए दिन हो रहे हादसे यह साबित करते हैं कि प्रशासन चेतावनियों के बावजूद गंभीर नहीं है। लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, संकेतक और सख्त ट्रैफिक जांच तत्काल लागू की जाए, ताकि आगे किसी और घर का चिराग यूं न बुझे।