पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, कंचनेश्वर धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
श्रावण मास की पहली सोमवारी के अवसर पर सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अहले सुबह से ही भक्त गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा व पूजा सामग्री लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। पूरे दिन "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

केटी न्यूज/केसठ।
श्रावण मास की पहली सोमवारी के अवसर पर सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अहले सुबह से ही भक्त गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा व पूजा सामग्री लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। पूरे दिन "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।रामपुर शिव मंदिर, केसठ शिव मंदिर, खरवनिया शिव मंदिर, कतिकनार शिव मंदिर समेत विभिन्न गांवों के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कई मंदिरों में शाम के समय भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया।श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ केसठ प्रखंड से सटे डुमरांव प्रखंड स्थित प्रसिद्ध कंचनेश्वर धाम में देखने को मिली।

मान्यता है कि यहां विराजमान स्वयंभू शिवलिंग की स्थापना प्राचीन काल में बाणासुर द्वारा की गई थी। काव नदी के किनारे स्थित यह प्राचीन धाम श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से पूजा करने पर भगवान भोलेनाथ भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।सुबह बारिश और गरज-चमक के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। मंदिर परिसर मेले जैसा नजारा प्रस्तुत कर रहा था। पूजा सामग्री, प्रसाद, जलेबी, चाट व अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानें सजी रहीं। भीड़ को नियंत्रित करने में मंदिर समिति के सदस्य एवं स्वयंसेवक पूरे दिन मुस्तैद रहे। शांतिपूर्ण वातावरण में पहली सोमवारी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

