खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन की नजर, बीडीओ ने दुकानों पर मारा औचक छापा

किसानों को खाद की बिक्री में मनमानी और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की मिल रही शिकायतों के बाद प्रखंड प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बीडीओ मनोज कुमार ने प्रखंड के अकबरपुर तिलकड़ा स्थित इफको बाजार का औचक निरीक्षण कर खाद की बिक्री व्यवस्था की गहन जांच की।

खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन की नजर, बीडीओ ने दुकानों पर मारा औचक छापा

--स्टॉक से लेकर बिक्री पंजी तक खंगाले, निर्धारित दर से अधिक वसूली पर कार्रवाई की चेतावनी

केटी न्यूज/राजपुर।

किसानों को खाद की बिक्री में मनमानी और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की मिल रही शिकायतों के बाद प्रखंड प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बीडीओ मनोज कुमार ने प्रखंड के अकबरपुर तिलकड़ा स्थित इफको बाजार का औचक निरीक्षण कर खाद की बिक्री व्यवस्था की गहन जांच की। अचानक पहुंचे बीडीओ को देखकर खाद विक्रेताओं में भी हड़कंप की स्थिति रही।निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने खाद के उपलब्ध स्टॉक, स्टॉक पंजी, बिक्री पंजी समेत अन्य आवश्यक अभिलेखों की बारीकी से जांच की। उन्होंने कागजों में दर्ज खाद की मात्रा का मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक से मिलान कराया। जांच के दौरान स्टॉक और अभिलेखों में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं मिली और सभी दस्तावेज सही पाए गए।इसके बाद बीडीओ ने खाद विक्रेताओं से किसानों को खाद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया, निर्धारित दर और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए। किसी भी परिस्थिति में तय कीमत से अधिक राशि की वसूली नहीं होनी चाहिए।

--शिकायतों के सत्यापन को लेकर हुई जांच

बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें मौखिक रूप से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ खाद विक्रेताओं द्वारा किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि लेकर खाद उपलब्ध कराई जा रही है। इन्हीं शिकायतों की सत्यता जांचने और जमीनी स्तर पर खाद की बिक्री व्यवस्था का सत्यापन करने के लिए औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की अनियमितता या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की ओर से खाद की बिक्री और स्टॉक पर लगातार नजर रखी जाएगी।