गांव-गांव तक बेहतर बिजली पहुंचाने की कवायद, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बक्सर जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी साहिला ने समाहरणालय सभाकक्ष में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की विद्युत व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

गांव-गांव तक बेहतर बिजली पहुंचाने की कवायद, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

__ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा में कटौती, लो-वोल्टेज और जर्जर तार-पोल की समस्या पर हुई चर्चा

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी साहिला ने समाहरणालय सभाकक्ष में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की विद्युत व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के प्रत्येक गांव, किसानों और सभी घरों तक नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।बैठक में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति, बार-बार हो रही कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या, ट्रांसफार्मरों की स्थिति तथा जर्जर विद्युत तारों एवं पोलों के कारण आ रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कृषि कार्य और सिंचाई के मौसम को देखते हुए किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने और तकनीकी कारणों से बाधित आपूर्ति को कम से कम समय में बहाल करने का निर्देश दिया।डीएम ने कहा कि आम उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाई जाए। बिजली से जुड़ी शिकायत मिलने के बाद निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जिले में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बक्सर जिले के लिए 4 किलोमीटर विद्युत केबल उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा बिजली वितरण प्रणाली को और मजबूत बनाने के लिए लगभग 500 नए विद्युत पोल और अतिरिक्त केबल की जरूरत है, जिसके लिए विभाग को मांग भेजी गई है।जिलाधिकारी ने विद्युत संरचना को मजबूत करने के लिए जर्जर तारों और पोलों को बदलने, नए संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक योजनाओं का प्रस्ताव तैयार कर जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि बिजली केवल सुविधा नहीं बल्कि ग्रामीण विकास, कृषि उत्पादन और आम लोगों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसलिए जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर उपभोक्ता को बेहतर और निर्बाध विद्युत सुविधा मिले। इसके लिए विद्युत विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।बैठक के अंत में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा शिकायतों की निगरानी कर त्वरित समाधान की दिशा में भी काम किया जा रहा है।