पंचायतों में उतरेगा प्रशासन, एक ही छत के नीचे सुनी जाएंगी जनता की समस्याएं

ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी सेवाओं को पंचायत स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मंगलवार 16 जून को जिले के विभिन्न पंचायतों में व्यापक स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है।

पंचायतों में उतरेगा प्रशासन, एक ही छत के नीचे सुनी जाएंगी जनता की समस्याएं

__ 16 जून को जिलेभर में दो पालियों में लगेंगे सहयोग शिविर, मौके पर शिकायतों के निष्पादन का रहेगा प्रयास

केटी न्यूज/बक्सर

ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी सेवाओं को पंचायत स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मंगलवार 16 जून को जिले के विभिन्न पंचायतों में व्यापक स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि प्रशासन खुद पंचायत स्तर पर पहुंचकर उनकी शिकायतें सुनेगा।जिला प्रशासन के अनुसार सहयोग शिविरों में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। शिविर में आने वाले नागरिक अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।

प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन का प्रयास किया जाएगा, जबकि जटिल मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।पहली पाली के शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान इटाढ़ी के चिलहर, राजपुर के रसेन एवं राजपुर, चौसा के सरेंजा, डुमरांव के अटांव एवं छतनवार, सिमरी के दुल्लहपुर एवं सहियार, ब्रह्मपुर के भदवर एवं बराढ़ी, चक्की के जवही दियर, नावानगर के नावानगर एवं भदार, चौगाई के मुरार तथा केसठ के रामपुर पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे।वहीं दूसरी पाली के शिविर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। इस दौरान बक्सर प्रखंड के खुटहां एवं उमरपुर, चौसा के बनारपुर, इटाढ़ी के कुकुढ़ा, राजपुर के मगरांव एवं खीरी, डुमरांव के अरियांव एवं कोरानसराय, सिमरी के काजीपुर एवं कठार, चक्की के चन्दा तथा चौगाई पंचायत में आम लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी।

प्रशासन ने शिविरों को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शिविर स्थलों पर नागरिकों की सुविधा के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, शीतल पेयजल, शौचालय तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने पंचायत में निर्धारित समय पर आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखें। प्रशासन का मानना है कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविरों के आयोजन से शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा तथा स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी।