मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई।

मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील

__ डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने की जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व सुविधा को लेकर दिए कई निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों के साथ-साथ जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक के दौरान जिला शांति समिति के सदस्यों ने मुहर्रम पर्व को लेकर अपने-अपने सुझाव और आवश्यक बिंदु प्रशासन के समक्ष रखे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी सुझावों पर विचार-विमर्श करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।जिलाधिकारी साहिला ने बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों, जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुहर्रम पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना के साथ मनाया जाए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को पर्व से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।नगर परिषद बक्सर और डुमरांव के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पर्व के पूर्व सभी प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।बैठक में विद्युत व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल बक्सर को निर्देशित किया गया कि अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव से समन्वय स्थापित कर ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों की सूची प्राप्त करें।इसके बाद सभी रूटों पर लटके हुए एवं जर्जर विद्युत तारों की जांच कर समय रहते मरम्मत कराने को कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला अग्निशमन पदाधिकारी को सभी फायर टेंडरों को पूरी तरह तैयार स्थिति में रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां जरूरत के अनुसार अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने के लिए अनुमंडल पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया।स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सिविल सर्जन बक्सर को जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सा व्यवस्था को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तैयारी रखने को कहा गया।इसके अलावा पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता तथा नगर परिषद बक्सर, ब्रह्मपुर एवं डुमरांव के कार्यपालक पदाधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने पूर्व में तनाव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को लगातार पेट्रोलिंग कराने एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया।ताजिया जुलूस को लेकर रूट चार्ट निर्धारित करने और नियमानुसार अनुज्ञप्ति निर्गत करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को सभी तैयारियों की लगातार समीक्षा और अनुश्रवण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।बैठक के अंत में प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की कि मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।