श्रावणी मेला 2026 : सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, 174 स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात

श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्रावणी मेला 2026 : सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, 174 स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात

__ डीएम साहिला व एसपी शुभम आर्य ने बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में अधिकारियों की ब्रीफिंग कर दिए निर्देश, गंगा घाटों से मंदिरों तक सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य व बिजली व्यवस्था रहेगी दुरुस्त

केटी न्यूज/बक्सर

श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक प्रत्येक रविवार, सोमवार तथा 11 अगस्त को शिवरात्रि के अवसर पर सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी निर्धारित समय पर अपने-अपने स्थानों पर उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि सभी प्रतिनियुक्त कर्मी समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचें। बक्सर के रामरेखा घाट एवं चौसा के महादेवा घाट पर मिनी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे, जबकि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे लिबास में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।जिलाधिकारी ने गंगा घाटों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप बैरिकेडिंग, सुरक्षित जलस्तर तक रस्सी से घेराबंदी तथा स्वयंसेवकों, एनसीसी, मंदिर प्रबंधन समिति एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। चौसा महादेवा घाट और बक्सर के रामरेखा घाट पर जलाभिषेक के दौरान विशेष भीड़ नियंत्रण व्यवस्था लागू रहेगी।

श्रावणी मेला के दौरान बक्सर शहर में यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह नियंत्रित रहेगी। प्रत्येक रविवार एवं सोमवार को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तथा सुबह 4 बजे से पूर्वाह्न 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं वीर कुंवर सिंह चौक से रामरेखा घाट मोड़ होते हुए अलका सिनेमा तक दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रमुख मंदिरों एवं घाटों पर त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) की भी तैनाती की जाएगी।नगर निकायों को मंदिरों, गंगा घाटों एवं अन्य पूजा स्थलों की साफ-सफाई, अस्थायी शौचालय, महिला चेंजिंग रूम, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जिले में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने के आदेश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, ढीले एवं झूलते तारों की मरम्मत तथा ब्रह्मपुर व डुमरांव के प्रमुख शिव मंदिरों की विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग को सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव सहित सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मेडिकल टीम, जीवनरक्षक दवाएं, ऑक्सीजन, एंटी स्नेक वेनम, एंबुलेंस एवं ऑपरेशन थिएटर 24 घंटे तैयार रखने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग को बक्सर, डुमरांव एवं बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर के समीप अग्निशमन वाहन तैनात रखने तथा साइबर थाना को सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।श्रावणी मेला की सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले में कुल 174 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें 110 स्टैटिक, 10 पैदल गश्ती, 4 पार्किंग, 8 बैरिकेडिंग, 9 कंट्रोल रूम, 22 ड्रॉप गेट तथा 11 गश्ती दल शामिल हैं। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।