बक्सर में एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर कार्रवाई तेज

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। बैठक में जिले में गैस वितरण की स्थिति, उपलब्धता और शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा की गई।

बक्सर में एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर कार्रवाई तेज

__ 27 एजेंसियों के माध्यम से वितरण जारी, 83 हजार से अधिक सिलेंडर बांटे गए; शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

केटी न्यूज/बक्सर

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। बैठक में जिले में गैस वितरण की स्थिति, उपलब्धता और शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा की गई।प्रशासन ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। 13 से 29 मार्च के बीच कुल 83,649 गैस सिलेंडरों का वितरण उपभोक्ताओं के बीच किया गया है। वहीं 29 मार्च तक एजेंसियों के पास 2,630 सिलेंडरों का भंडार उपलब्ध है।

जिले में प्रतिदिन औसतन 6,419 सिलेंडरों की मांग के मुकाबले 5,689 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में 24,057 रिफिल बुकिंग की आपूर्ति लंबित है, जिससे लगभग 4.1 दिनों का बैकलॉग बना हुआ है।गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए शहरी क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं को अंतिम सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति दी गई है।प्रशासन द्वारा सख्ती बरतते हुए गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लगातार भौतिक जांच कराई जा रही है।

कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 मार्च को अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर सदर द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान दो रेस्टोरेंट पर प्राथमिकी दर्ज कर 24 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।इसके अलावा 29 और 30 मार्च को वरीय पदाधिकारियों ने कुल 43 गैस एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। एलपीजी आपूर्ति से संबंधित शिकायत या सूचना के लिए 06183-223333 नंबर जारी किया गया है।

30 मार्च तक नियंत्रण कक्ष में कुल 506 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 447 का त्वरित निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष पर कार्रवाई जारी है।जिले में घरेलू एलपीजी कनेक्शनों की संख्या 3,50,545 बताई गई है। साथ ही बाहर से लौट रहे प्रवासी श्रमिकों की निगरानी के लिए श्रम विभाग को उन्हें सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया गया है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तय अंतराल पर होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।