वार्षिक परीक्षाफल वितरण सह अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन

इटाढी प्रखंड के मध्य विद्यालय तुरईडिहरा में सोमवार को वार्षिक परीक्षाफल वितरण सह अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन उत्सवपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापक विकास कुमार के नेतृत्व में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया।

वार्षिक परीक्षाफल वितरण सह अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन

केटी न्यूज/ इटाढी

इटाढी प्रखंड के मध्य विद्यालय तुरईडिहरा में सोमवार को वार्षिक परीक्षाफल वितरण सह अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन उत्सवपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापक विकास कुमार के नेतृत्व में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया।इस अवसर पर सत्र 2025-26 के वर्ग एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को प्रधानाध्यापक, वर्ग शिक्षक एवं अभिभावकों के हाथों अंक पत्र वितरित किए गए। साथ ही कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हाल ही में आयोजित खेलकूद एवं विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया।प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में “प्रवेश से प्रगति तक, विद्यालय और अभिभावक साथ-साथ” थीम के तहत संगोष्ठी आयोजित की गई। ऑनलाइन माध्यम से जुड़े शिक्षक डॉ. मनीष कुमार शशि ने इस पहल की सराहना करते हुए सभी को बधाई संदेश दिया।संगोष्ठी के दौरान अभिभावक और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।

प्रधानाध्यापक ने कहा कि अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में रुचि लेने और सकारात्मक माहौल देने की अपील की।कार्यक्रम में शिक्षकों को भी विद्यालय की ओर से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसी दौरान कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं को स्थानांतरण प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र के लिए सभी छात्रों के बीच पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।इस मौके पर कुल 90 छात्र-छात्राओं सहित शिक्षकगण और अभिभावक उपस्थित रहे।