डुमरांव में विदाई समारोह में अधिकारियों ने गिनाईं पूर्व डीएसपी की उपलब्धियां, पोलस्त बोले—सहकर्मियों और जनता का सहयोग ही रही सबसे बड़ी ताकत
डुमरांव अनुमंडल में करीब एक वर्ष तक पुलिस उपाधीक्षक (एएसपी) के रूप में जिम्मेदारी संभालने वाले पोलस्त कुमार के कार्यकाल की यादें गुरुवार को विदाई समारोह में ताजा हो गईं। अनुमंडल पदाधिकारी के आवास पर आयोजित समारोह में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस-जन संवाद को लेकर किए गए प्रयासों की चर्चा की।


केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव अनुमंडल में करीब एक वर्ष तक पुलिस उपाधीक्षक (एएसपी) के रूप में जिम्मेदारी संभालने वाले पोलस्त कुमार के कार्यकाल की यादें गुरुवार को विदाई समारोह में ताजा हो गईं। अनुमंडल पदाधिकारी के आवास पर आयोजित समारोह में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस-जन संवाद को लेकर किए गए प्रयासों की चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि सीमित समय में पोलस्त कुमार ने टीम के साथ समन्वय बनाकर पुलिसिंग को प्रभावी बनाने का प्रयास किया।समारोह की अध्यक्षता एसडीएम राजीव कुमार ने की, जबकि संचालन डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने किया। एसडीएम ने कहा कि पोलस्त कुमार की कार्यशैली में तत्परता, अनुशासन और टीम भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी।उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखा, जिसका लाभ अनुमंडल की कानून-व्यवस्था को मिला।

पूर्व एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि डुमरांव में बिताया गया एक वर्ष उनके सेवाकाल की महत्वपूर्ण यादों में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा, “यहां काम करने के दौरान मुझे प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और आम लोगों का लगातार सहयोग मिला। किसी भी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना अकेले किसी अधिकारी के प्रयास से संभव नहीं है। पूरी टीम और जनता के सहयोग से ही बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।” उन्होंने सहकर्मियों के स्नेह और सम्मान के लिए आभार जताते हुए कहा कि डुमरांव की जिम्मेदारी ने उन्हें कई स्तरों पर सीखने और काम करने का अवसर दिया।प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी पोलस्त कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पुलिसिंग को लेकर सक्रियता दिखाई और अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया। अधिकारियों ने उनके नई जिम्मेदारी में भी सफलता की कामना की।

समारोह में बक्सर सदर एसडीएम अविनाश कुमार, सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय, डुमरांव नगर परिषद के ईओ राहुल धर दुबे, ब्रह्मपुर ईओ शिव शक्ति कुमार, चक्की सीओ संगीता कुमारी, सिमरी सीओ भगवती शंकर पांडेय, बीपीआरओ रोहिणी कुमारी, डुमरांव अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी, ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, डुमरांव सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पोलस्त कुमार को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।गौरतलब है कि करीब एक माह पूर्व पोलस्त कुमार का तबादला वैशाली जिले के महुआ अनुमंडल में किया गया था। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद डुमरांव पहुंचे पोलस्त कुमार के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों और सहकर्मियों का भावुक जुड़ाव भी देखने को मिला।

