भोजपुरी स्टार पवन सिंह का पत्नी के साथ नहीं हुआ सेटलमेंट, केस लड़ेंगे पति-पत्नी

भोजपुरी स्टार पवन सिंह का पत्नी के साथ नहीं हुआ सेटलमेंट, केस लड़ेंगे पति-पत्नी

आरा कुटुम्ब न्यायालय में लंबी सुनवाई के बावजूद पति-पत्नी को बीच नहीं बनी बात

सुनवाई को लेकर बुधवार की दोपहर कोर्ट पहुंचे पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह 

चहेते स्टार को देखने और सेल्फी लेने के लिए कोर्ट कैंपस में उमड़ती रही भीड़

केटी न्यूज /आरा 

आरा। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार कहे जाने वाले अभिनेता सह गायक पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक का मामला एक बार फिर नहीं सुलझ सका। बुधवार को भी दोनों के बीच सेटलमेंट नहीं हो सका। आरा के कुटुम्ब न्यायालय में काफी देर तक चली काउंसलिंग के बाद भी दोनों के बीच बात नहीं बनी। काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी अपनी-अपनी जिद पर अड़े रहे। अब दोनों पक्ष केस लड़ने की बात कह रहा है। तलाक मामले की सुनवाई को लेकर दोनों बुधवार दोपहर आरा कोर्ट पहुंचे थे। इधर, पावर स्टार पवन सिंह के आरा पहुंचने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों की भारी भीड़ कोर्ट कैंपस में जमा हो गयी। पावर स्टार को देखने और उनके साथ सेल्फी लेने को लेकर होड़ मच गयी। फैंस काफी देर तक भाग-दौड़ करते रहे। उससे कोर्ट कैंपस से लेकर गेट के बाहर काफी देर तक अफरातफरी और गहमागहमी बनी रही। भीड़ को काबू करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं भीड़ को देखते हुए कोर्ट कैंपस की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि पवन सिंह बुधवार की दोपहर करीब ढाई बजे कोर्ट पहुंचे। उनकी पत्नी  ज्योति सिंह भी अपने पिता के साथ कोर्ट पहुंची थी। कुटुम्ब न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह की उपस्थिति में दोनों की काउंसलिंग शुरू की गयी। प्रधान न्यायाधीश द्वारा दोनों को काफी देर तक समाझाने का प्रयास किया गया। उसके बावजूद दोनों पक्ष अपनी जिद पर अड़ा रहा। उससे पहले दोनों के बीच अकेले में भी बातचीत हुई, लेकिन बात नहीं बनी। करीब दो घंटे तक चली काउंसलिंग के बाद दोनों कोर्ट से निकल गये।

पवन सिंह के सेटलमेंट ऑफर को ज्योति ने ठुकराया, मांगी गयी मोटी रकम 

कोर्ट सूत्रों के अनुसार पावर स्टार पवन सिंह की ओर से सेटलमेंट करने के लिए ज्योति सिंह को एकमुश्त राशि का ऑफर दिया गया था। उसके तहत पचास लाख रुपए नगद, एक मकान और पढ़ाई का पूरा खर्च देने की बात कही गयी थी। हालांकि ज्योति सिंह की ओर से उस ऑफर को ठुकरा दिया गया। कोर्ट सूत्रों के अनुसार ज्योति सिंह के पक्ष की ओर से मोटी रकम की मांग की जा रही है, जो पवन सिंह की ओर से दिये गए ऑफर से कई गुणा अधिक है। 

ज्योति सिंह के वकील बोले: लड़ेंगे केस, नहीं हुआ सेटलमेंट

सेटलमेंट नहीं होने के बाद अब दोनों पक्ष केस लड़ने की तैयारी में जुट गया है। ज्योति सिंह के वकील आदित्य कुमार ने साफ तौर पर कहा कि वेलोग केस लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सेटलमेंट नहीं हुआ। अब हमलोग पूरी मजबूती से केस लड़ेंगे। इधर, पवन सिंह के वकील सुदामा सिंह का कहना है कि समझौते का प्रयास किया गया था। ज्योति सिंह को ऑफर दिया गया था, लेकिन सेटलमेंट नहीं हो सका है। ऐसे में अब केस से ही निपटारा होगा। 

करीब दो साल से चल रहा पवन सिंह का तलाक का मामला 

अभिनेता सह गायक पवन सिंह की ओर से अपनी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह से तलाक के लिये नौ अक्‍टूबर 2021 को आरा की फैमिली कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी गयी थी। उसके बाद ज्योति सिंह इस साल 28 अप्रैल को आरा की फैमिली कोर्ट पहुंची थी। उस दिन ज्योति सिंह की ओर से अंतरिम भरण पोषण की मांग की गयी थी। उसके तहत ज्योति सिंह की ओर से तहत प्रति माह साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की गयी है। उसके बाद से ही मामला कुटुम्ब न्यायालय में चल रहा है। उसे लेकर पहले बार दोनों के बीच काउंसलिंग करायी जा चुकी है। पिछले साल मई माह में भी दोनों कोर्ट पहुंचे थे। उस समय भी प्रधान न्यायाधीश की ओर से समझौता कराने की कोशिश की गयी थी। उस समय भी बात नहीं बनी थी। बता दें कि यूपी की रहने वाली ज्योति सिंह पवन सिंह की दूसरी पत्नी है।

2018 में दोनों की शादी हुई थी। करीब तीन साल साथ रहने के बाद पवन सिंह की ओर से तलाक की अर्जी दी गयी थी। उसके बाद पवन ज्योति सिंह द्वारा अपने अधिवक्ता के जरिये पवन सिंह पर शादी के बाद प्रताड़ित करने और जबरन गर्भपात कराने का आरोप भी लगाया था। तब ज्योति सिंह के अधिवक्ता की ओर से बताया गया था कि शादी के बाद से ही पवन सिंह के व्यवहार में काफी कटुता आ गयी थी। वह पत्नी के साथ अक्सर मारपीट और गाली-गलौज करते थे। ज्योति सिंह का जबरन गर्भपात भी करावा चुके हैं। हालांकि पवन सिंह के वकील की ओर से उन सभी आरोपों का खंडन भी किया गया था।