मुहर्रम को लेकर बक्सर प्रशासन अलर्ट, शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सुरक्षा का कड़ा इंतजाम
मुहर्रम पर्व 2026 के अवसर पर जिले में साम्प्रदायिक सौहार्द, शांति व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को नगर भवन बक्सर में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से अधिकारियों की बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

__ जिलाधिकारी और एसपी ने नगर भवन में की संयुक्त बैठक, 128 स्थायी दंडाधिकारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती
केटी न्यूज/बक्सर
मुहर्रम पर्व 2026 के अवसर पर जिले में साम्प्रदायिक सौहार्द, शांति व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को नगर भवन बक्सर में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से अधिकारियों की बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।बैठक में अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को कहा गया कि किसी भी प्रकार की अशांति या विवाद की सूचना मिलते ही तत्काल संबंधित थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से वरीय अधिकारियों को जानकारी उपलब्ध कराएं।

__ ताजिया जुलूस के मार्गों का होगा सत्यापन, वीडियोग्राफी के निर्देश
मुहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया और जुलूस को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को निर्देश दिया गया कि सभी जुलूस समितियों को नियमों के अनुसार अनुमति पत्र जारी किया जाए और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।ताजिया जुलूस के मार्गों का भौतिक सत्यापन कर 25 जून तक रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। मार्ग में किसी प्रकार की बाधा मिलने पर उसका समाधान कर प्रतिवेदन भेजने को कहा गया है। जुलूस की पूरी गतिविधियों की वीडियोग्राफी कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को दी गई है।

__ अखाड़ों और करबला स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
मुहर्रम के अवसर पर अखाड़ा और करबला स्थलों पर जुटने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा जांच पहले ही पूरी कर लेने का निर्देश दिया गया है। सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। नगर निकाय क्षेत्र के अखाड़ा स्थलों और सड़कों की साफ-सफाई के साथ पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है।सराय फाटक सहित प्रमुख अखाड़ा स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश नगर निकाय अधिकारियों को दिया गया है।
__ अस्पतालों और आपात सेवाओं को तैयार रहने का निर्देश
मुहर्रम के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने को कहा गया है। सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि सभी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और सदर अस्पताल में चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, दवाएं और जांच सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहें।सभी एंबुलेंस को चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, जीवन रक्षक दवाओं और स्ट्रेचर के साथ तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता और रक्त भंडार में पर्याप्त मात्रा में खून की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

__ अग्निशमन वाहन और नियंत्रण कक्ष रहेंगे सक्रिय
अग्निशमन विभाग को बक्सर और डुमरांव शहर में सभी अग्निशमन वाहनों को तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। एक-एक वाहन मॉडल थाना बक्सर और डुमरांव थाना में तैनात रहेगा।विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा में कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06183-223333 जारी किया गया है।
__ सोशल मीडिया पर रहेगी प्रशासन की नजर
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और साइबर थाना की टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखेगी। अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

__ 128 स्थायी दंडाधिकारी और 31 गश्ती दल रहेंगे तैनात
मुहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए जिले में 128 स्थायी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा 31 गश्ती दल, 106 ताजिया जुलूस के साथ दंडाधिकारी और पुलिस बल तथा दो जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता बक्सर और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय रहेंगे। वहीं बक्सर और डुमरांव अनुमंडल के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था की निगरानी करेंगे। प्रशासन ने सभी अधिकारियों और जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

