खतरनाक ब्रेकर बना काल: बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

मुरार थाना क्षेत्र के अहरा डेरा के समीप बना एक खतरनाक ब्रेकर एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। तेज रफ्तार और असंतुलन के कारण हुई इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में केड़ी डेरा निवासी सचिन कुमार उर्फ मुलायम यादव की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

खतरनाक ब्रेकर बना काल: बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

केटी न्यूज/चौगाईं

मुरार थाना क्षेत्र के अहरा डेरा के समीप बना एक खतरनाक ब्रेकर एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। तेज रफ्तार और असंतुलन के कारण हुई इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में केड़ी डेरा निवासी सचिन कुमार उर्फ मुलायम यादव की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।मिली जानकारी के अनुसार सचिन कुमार अपनी बाइक से किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान अहरा डेरा के पास सड़क पर बने ऊंचे और असुरक्षित ब्रेकर को पार करते समय उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ते ही बाइक सीधे सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही काफी खून बहने लगा।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक सचिन कुमार मुरार थाना में कार्यरत चौकीदार खेलावन यादव का पोता था। वह तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था। उसके पिता जगनारायण सिंह वर्तमान में परिवार के भरण-पोषण के लिए विदेश में कार्यरत हैं। बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां प्रभावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर बना ब्रेकर काफी खतरनाक है और पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने मांग की है कि इस ब्रेकर को मानक के अनुरूप बनाया जाए या हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है, हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।