दहेज की मांग ने तोड़ा वैवाहिक रिश्ता, तीन लाख और बुलेट के लिए विवाहिता को घर से निकाला

दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। जासो रोड निवासी प्रियंका कुमारी ने मुफ्फसिल थाने में आवेदन देकर पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।

दहेज की मांग ने तोड़ा वैवाहिक रिश्ता, तीन लाख और बुलेट के लिए विवाहिता को घर से निकाला

केटी न्यूज/चौसा।

दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। जासो रोड निवासी प्रियंका कुमारी ने मुफ्फसिल थाने में आवेदन देकर पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। विवाहिता के आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।बताया जाता है कि प्रियंका कुमारी की शादी 13 दिसंबर 2023 को जासो निवासी राकेश कुमार के साथ हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के समय उसके मायके वालों ने अपनी क्षमता के अनुसार करीब 30 ग्राम सोने के आभूषण, 250 ग्राम चांदी के जेवर, फर्नीचर, बर्तन, कपड़े के अलावा चार लाख रुपये नकद दिए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी गई।

विवाहिता के अनुसार पति और ससुराल के अन्य सदस्य तीन लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।प्रियंका का कहना है कि ससुराल वालों के व्यवहार से परेशान होकर वह मायके चली गई थी। बाद में जब वह परिजनों की समझाइश के बाद दोबारा ससुराल पहुंची तो कथित तौर पर उसके साथ फिर मारपीट की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद उसने मुफ्फसिल थाने पहुंचकर पति, सास, ससुर, देवर समेत छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।