दहीवर में पेयजल संकट गहराया, लीकेज पाइपलाइन से गलियों में फैला पानी

सदर प्रखंड के सोनवर्षा पंचायत अंतर्गत दहीवर गांव में पेयजल पाइपलाइन में हुई लीकेज ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। वार्ड संख्या 5 में कई दिनों से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त रहने के कारण लगातार पानी बह रहा है, जिससे गांव की गलियों में जलजमाव की स्थिति बन गई है।

दहीवर में पेयजल संकट गहराया, लीकेज पाइपलाइन से गलियों में फैला पानी

केटी न्यूज/बक्सर

सदर प्रखंड के सोनवर्षा पंचायत अंतर्गत दहीवर गांव में पेयजल पाइपलाइन में हुई लीकेज ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। वार्ड संख्या 5 में कई दिनों से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त रहने के कारण लगातार पानी बह रहा है, जिससे गांव की गलियों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं गंदगी और संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है। जलभराव के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय समाजसेवी पंकज सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी।शिकायत मिलने के बाद पीएचईडी विभाग की टीम गांव पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन का निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में सहायक अभियंता मिथिलेश कुमार, कनीय अभियंता शशिभूषण सहित अन्य कर्मी शामिल थे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से समस्या की जानकारी लेने के बाद स्थल का जायजा लिया।ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को बताया कि पाइपलाइन लंबे समय से खराब पड़ी है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं होने से स्थिति और खराब हो गई है।

लगातार बहते पानी से गलियों में कीचड़ और जलभराव बना हुआ है, जिससे लोगों को दैनिक कार्यों में दिक्कत हो रही है।निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाएगी। विभाग ने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही पेयजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगी और गांव में जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी। मौके पर सूर्यांशु सिंह, राजा बाबू, मुकेश कुमार, कालीचरण प्रसाद, भोला यादव, रंजीत कुमार उर्फ गुड्डू, राहुल राज, जीउत यादव एवं जगदीश सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।