बीटीपीपी में मजबूत हुई अग्नि सुरक्षा, फायर विंग का औपचारिक इंडक्शन

बक्सर थर्मल पावर प्लांट (बीटीपीपी) में मंगलवार को अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। संयंत्र परिसर में फायर विंग के औपचारिक इंडक्शन को लेकर समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान फायर विंग को आधिकारिक रूप से संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया।

बीटीपीपी में मजबूत हुई अग्नि सुरक्षा, फायर विंग का औपचारिक इंडक्शन

__ आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता बढ़ेगी, सीईओ ने आईजी को सौंपी फायर विंग की चाबी; सीआईएसएफ व कंपनी के अधिकारी रहे मौजूद

केटी न्यूज/चौसा

बक्सर थर्मल पावर प्लांट (बीटीपीपी) में मंगलवार को अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। संयंत्र परिसर में फायर विंग के औपचारिक इंडक्शन को लेकर समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान फायर विंग को आधिकारिक रूप से संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इसके सक्रिय होने से प्लांट में आगजनी अथवा अन्य अग्नि संबंधी आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता पहले की तुलना में और बेहतर होगी।समारोह में ईस्टर्न सेक्टर, रांची के महानिरीक्षक प्रबोध चंद्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। एसटीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पुलक कुमार मुखोपाध्याय ने उन्हें फायर विंग की चाबी सौंपकर इसके औपचारिक इंडक्शन की प्रक्रिया पूरी की।

इस दौरान फायर विंग की कार्यप्रणाली, आपात स्थिति में उसकी भूमिका तथा संयंत्र में अग्नि सुरक्षा के मानकों को प्रभावी तरीके से लागू करने को लेकर अधिकारियों के बीच जानकारी साझा की गई।बीटीपीपी जैसे बड़े विद्युत उत्पादन संयंत्र में अग्नि सुरक्षा को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। प्लांट में मशीनरी, विद्युत उपकरण और अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों की मौजूदगी के कारण किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई आवश्यक होती है। फायर विंग के औपचारिक रूप से शामिल होने के बाद ऐसी परिस्थितियों में तत्काल प्रतिक्रिया और राहत कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई।

कार्यक्रम में पूर्वी जोन-1, पटना के डीआईजी अमित माथुर, ग्रुप मुख्यालय पटना के ग्रुप कमांडेंट प्रशांत द्विवेदी, सीआईएसएफ इकाई बीटीपीपी बक्सर के उप कमांडेंट शारदेंदु प्रियदर्शी, एसटीपीएल के प्लांट इंस्पेक्टर अजय कुमार समेत कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी और सीआईएसएफ के बल सदस्य मौजूद रहे। समारोह के दौरान अधिकारियों ने संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने तथा आपात परिस्थितियों में समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया।