सड़क के गड्ढों में डाला मछली का बीज, अनोखे विरोध से सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश

डुमरांव प्रखंड के अरियांव गांव में शनिवार को खराब सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर समाजवादी विचार मंच बिहार के कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अरियांव ब्रह्मस्थान से बगेन गोला तक जाने वाली जर्जर सड़क के गड्ढों में मछली का बीज डालकर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क निर्माण में हो रही देरी और विकास कार्यों में लापरवाही को लेकर नाराजगी भी जताई।

सड़क के गड्ढों में डाला मछली का बीज, अनोखे विरोध से सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश

– अरियांव से बगेन गोला सड़क की बदहाली पर समाजवादी विचार मंच का प्रदर्शन

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव प्रखंड के अरियांव गांव में शनिवार को खराब सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर समाजवादी विचार मंच बिहार के कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अरियांव ब्रह्मस्थान से बगेन गोला तक जाने वाली जर्जर सड़क के गड्ढों में मछली का बीज डालकर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क निर्माण में हो रही देरी और विकास कार्यों में लापरवाही को लेकर नाराजगी भी जताई।समाजवादी विचार मंच के संयोजक संतोष मुखिया की अध्यक्षता में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अरियांव ब्रह्मस्थान से बगेन गोला होते हुए ब्रह्मपुर प्रखंड तक जाने वाली मुख्य सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश और जलजमाव के कारण सड़क की स्थिति और भी बदतर हो गई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कार्यकर्ताओं ने बताया कि जलजमाव के कारण सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी जमा रहता है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। साथ ही खराब सड़क के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

संयोजक संतोष मुखिया ने बताया कि अरियांव ब्रह्मस्थान से बगेन गोला तक लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होना है, जिसकी लागत करीब 6 करोड़ 48 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इस सड़क का निर्माण कार्य 5 मई 2025 से शुरू होकर 4 मई 2026 तक पूरा किया जाना है। लेकिन निर्माण शुरू हुए करीब 10 महीने बीत जाने के बावजूद काम की रफ्तार बेहद धीमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा अब तक अपेक्षित गति से कार्य नहीं कराया गया है।प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सड़क पर जलजमाव की समस्या से तत्काल राहत दिलाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की भी मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर विकास कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद जमीनी स्तर पर विकास की गति दिखाई नहीं दे रही है। योजनाओं में भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण आम जनता परेशान है।कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क से जलजमाव की समस्या दूर नहीं की गई और निर्माण कार्य में तेजी नहीं लाई गई, तो समाजवादी विचार मंच द्वारा दोबारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।इस मौके पर हरेंद्र सिंह, मन्नालाल सिंह, कमलेश सिंह, सतीश मौर्य, विश्वामित्र सिंह, रमेश यादव, मुना यादव, पारस दरोगा, सोनू विकास, खेलन सिंह, चंदन सिंह, सुमित, संतोष, अंकित, पलटू सिंह और ओमप्रकाश कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।