संवाद की पहल ने बचाया वैवाहिक रिश्ता, सखी वन स्टॉप सेंटर ने निभाई अहम भूमिका

घरेलू विवाद और वैवाहिक तनाव से परेशान एक महिला को सखी वन स्टॉप सेंटर, बक्सर की काउंसलिंग से राहत मिली है। सेंटर की पहल और लगातार मनो-सामाजिक परामर्श के बाद पति-पत्नी के बीच बढ़ी दूरियां कम हुईं और दोनों ने आपसी समझ व संवाद के साथ वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।

संवाद की पहल ने बचाया वैवाहिक रिश्ता, सखी वन स्टॉप सेंटर ने निभाई अहम भूमिका

__ घरेलू विवाद से परेशान महिला ने दर्ज कराई थी शिकायत, काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने आपसी सहमति से विवाद खत्म कर साथ आगे बढ़ने का लिया निर्णय

केटी न्यूज/बक्सर।

घरेलू विवाद और वैवाहिक तनाव से परेशान एक महिला को सखी वन स्टॉप सेंटर, बक्सर की काउंसलिंग से राहत मिली है। सेंटर की पहल और लगातार मनो-सामाजिक परामर्श के बाद पति-पत्नी के बीच बढ़ी दूरियां कम हुईं और दोनों ने आपसी समझ व संवाद के साथ वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। मामले में सेंटर की ओर से फिलहाल फॉलोअप जारी है।जानकारी के अनुसार, महिला ने अपने पति के विरुद्ध घरेलू विवाद एवं प्रताड़ना से संबंधित शिकायत सखी वन स्टॉप सेंटर में दर्ज कराई थी। महिला का कहना था कि पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी। स्थिति ऐसी हो गई थी कि उसे अपने वैवाहिक जीवन को लेकर चिंता और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायत मिलने के बाद सेंटर ने मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए महिला की बात सुनी तथा उसे आवश्यक मनो-सामाजिक परामर्श और मार्गदर्शन दिया। इसके बाद महिला और उसके पति को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया। परामर्श के दौरान दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया गया। काउंसलर ने विवाद के कारणों को समझने के साथ दोनों को आपसी संवाद, संयम और सम्मान के साथ समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया।काउंसलिंग के दौरान महिला ने अपनी परेशानियों और अपेक्षाओं को स्पष्ट रूप से रखा। वहीं, पति को भी पत्नी की भावनाओं और समस्याओं को समझने तथा वैवाहिक जीवन में सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने के लिए समझाया गया। लगातार समझाइश और संवाद के बाद दोनों के बीच सकारात्मक माहौल बना।

काउंसलिंग के पश्चात महिला ने पति के साथ विवाद समाप्त कर शांतिपूर्ण वातावरण में वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाने की इच्छा जताई। पति ने भी भविष्य में विवादों को बातचीत और समझदारी से सुलझाने की बात कही।सखी वन स्टॉप सेंटर का कहना है कि पारिवारिक समस्याओं में संवाद, सम्मान और सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सेंटर केवल शिकायत सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि संकटग्रस्त महिलाओं को सुनने, समझने, मार्गदर्शन देने और आवश्यक सहायता से जोड़ने का महत्वपूर्ण केंद्र है। इस मामले में भी काउंसलिंग के माध्यम से पति-पत्नी के बीच संवाद स्थापित कर विवाद को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास सफल रहा। मामले में आगे भी फॉलोअप किया जा रहा है।