गंगा में स्नान करने उतरे अधेड़ लापता, घंटों चली तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
केशोपुर हनुमान घाट पर रविवार को गंगा स्नान करने गए सिमरी थाना क्षेत्र के रामोपट्टी गांव निवासी 55 वर्षीय पूर्णवासी माली के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वे गंगा में डूब गए।

— केशोपुर हनुमान घाट पर हादसा, सीओ की मौजूदगी में गोताखोरों और एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
केटी न्यूज/सिमरी।
केशोपुर हनुमान घाट पर रविवार को गंगा स्नान करने गए सिमरी थाना क्षेत्र के रामोपट्टी गांव निवासी 55 वर्षीय पूर्णवासी माली के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वे गंगा में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में भी बेचैनी बढ़ गई।जानकारी के अनुसार पूर्णवासी माली प्रतिदिन की तरह रविवार को भी केशोपुर हनुमान घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के लिए गंगा में उतरने के बाद वे वापस बाहर नहीं निकले। काफी देर तक जब उनका कोई पता नहीं चला तो घाट पर मौजूद लोगों ने आसपास पानी में उनकी तलाश शुरू की। स्थानीय स्तर पर काफी प्रयास के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर घटना की सूचना उनके परिजनों और प्रशासन को दी गई।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में भी सक्रियता बढ़ गई। अंचलाधिकारी भगवती शंकर पाण्डेय एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। संभावित स्थानों पर पानी के भीतर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी पूर्णवासी माली का कोई सुराग नहीं मिल सका।घटना के बाद घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुटे रहे। हर गुजरते पल के साथ परिजनों की चिंता बढ़ती गई। प्रशासन की टीम लगातार गंगा में संभावित स्थानों पर तलाश में जुटी रही।समाचार लिखे जाने तक लापता अधेड़ का पता नहीं चल सका था। प्रशासन की ओर से खोजबीन जारी थी। वहीं, घटना के बाद रामोपट्टी गांव में भी शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

