अपराध पर वार की नई रणनीति, लापरवाह पुलिस अफसरों पर कार्रवाई की चेतावनी

अनुमंडल क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस ने अब कार्रवाई की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में आयोजित क्राइम कंट्रोल बैठक में एएसपी पोलस्त कुमार ने अंचल निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को अपराध नियंत्रण को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

अपराध पर वार की नई रणनीति, लापरवाह पुलिस अफसरों पर कार्रवाई की चेतावनी

__ क्राइम कंट्रोल मीटिंग में एएसपी ने थानाध्यक्षों को दिया टारगेट बेस्ड पुलिसिंग का निर्देश, शराब तस्करी और अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस की हिदायत

केटी न्यूज/डुमरांव।

अनुमंडल क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस ने अब कार्रवाई की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में आयोजित क्राइम कंट्रोल बैठक में एएसपी पोलस्त कुमार ने अंचल निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को अपराध नियंत्रण को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में एएसपी ने शराब तस्करी, अवैध कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान को और तेज करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती के साथ संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाए। संवेदनशील इलाकों और ऐसे स्थानों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जाए, जहां आपराधिक गतिविधियों की आशंका अधिक रहती है। पुलिस की सक्रियता ऐसी हो कि अपराधियों के बीच कानून का भय कायम रहे।

__ लंबित कांडों के निष्पादन और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी पर जोर

एएसपी ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा गंभीर मामलों में अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस की जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। काम में लापरवाही या उदासीनता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में आम लोगों के साथ पुलिस के बेहतर संवाद को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई। एएसपी ने कहा कि थानों में पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान किया जाए। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होगा।

बैठक में डुमरांव सीआई अरविंद कुमार, ब्रह्मपुर सीआई ओमप्रकाश कुमार, डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी, कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे। अंत में एएसपी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ ठोस रणनीति बनाकर अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।