टीबी के खिलाफ जंग में पोषण बना हथियार, 14 मरीजों को मिली निक्षय पोषण किट

प्रखंड को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों के उपचार के साथ उनके पोषण पर भी विशेष जोर देना शुरू किया है। इसी कड़ी में चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में 14 टीबी मरीजों के बीच निःशुल्क निक्षय पोषण किट का वितरण किया गया।

टीबी के खिलाफ जंग में पोषण बना हथियार, 14 मरीजों को मिली निक्षय पोषण किट

केटी न्यूज/राजपुर। 

प्रखंड को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों के उपचार के साथ उनके पोषण पर भी विशेष जोर देना शुरू किया है। इसी कड़ी में चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में 14 टीबी मरीजों के बीच निःशुल्क निक्षय पोषण किट का वितरण किया गया। अभियान का उद्देश्य मरीजों को नियमित दवा के साथ पर्याप्त एवं संतुलित पोषण उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने में मदद करना है।इस दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि टीबी को लेकर लोगों में भय और भ्रम की स्थिति नहीं होनी चाहिए। समय पर बीमारी की पहचान, नियमित उपचार और पौष्टिक आहार के माध्यम से टीबी से पूरी तरह स्वस्थ हुआ जा सकता है। उन्होंने मरीजों से चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवाओं का नियमित सेवन करने तथा उपचार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से टीबी मरीजों के लिए जांच, दवा और पोषण सहायता जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। जरूरत है कि मरीज और उनके परिजन इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मरीजों की मदद के लिए आम लोगों से भी आगे आने की अपील की है। समर्थ नागरिक, समाजसेवी अथवा कोई अन्य इच्छुक व्यक्ति स्वास्थ्य विभाग में आवेदन देकर किसी टीबी मरीज को गोद ले सकता है। इसके तहत एक वर्ष तक मरीज को आवश्यक पौष्टिक आहार एवं उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई जा सकती है।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मरीज के स्वस्थ होने पर उसकी देखभाल करने वाले व्यक्ति को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य प्रबंधक गोरखनाथ सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे।