पंचायतों में पहुंची पेंशन सेवा, घर के नजदीक हो रहा जीवित प्रमाणीकरण

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चौसा प्रखंड प्रशासन ने पंचायत स्तर पर विशेष जीवित प्रमाणीकरण अभियान शुरू किया है। इसके तहत अब वृद्ध, विधवा, दिव्यांग और अन्य पेंशनधारियों को प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि उनकी पंचायतों में ही शिविर लगाकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गुरुवार को बनारपुर पंचायत भवन में आयोजित पहले विशेष शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने पहुंचकर अपना जीवन प्रमाणीकरण कराया।

पंचायतों में पहुंची पेंशन सेवा, घर के नजदीक हो रहा जीवित प्रमाणीकरण

केटी न्यूज/चौसा

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चौसा प्रखंड प्रशासन ने पंचायत स्तर पर विशेष जीवित प्रमाणीकरण अभियान शुरू किया है। इसके तहत अब वृद्ध, विधवा, दिव्यांग और अन्य पेंशनधारियों को प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि उनकी पंचायतों में ही शिविर लगाकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गुरुवार को बनारपुर पंचायत भवन में आयोजित पहले विशेष शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने पहुंचकर अपना जीवन प्रमाणीकरण कराया।

शिविर का निरीक्षण जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक निखिल कुमार ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि बुजुर्ग एवं दिव्यांग लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उन्होंने कहा कि समय पर जीवित प्रमाणीकरण नहीं कराने पर पेंशन भुगतान बाधित हो सकता है, इसलिए सभी लाभार्थियों के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य है। उन्होंने जानकारी दी कि केवल बनारपुर पंचायत में ही लगभग 300 लाभार्थियों का पेंशन मामला लंबित है, जिसे अभियान के माध्यम से शीघ्र निपटाने का प्रयास किया जा रहा है।

बीडीओ मनोज पासवान ने बताया कि चौसा प्रखंड की सभी नौ पंचायतों और नगर पंचायत क्षेत्र में दो-दो दिनों तक विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुन्नी पंचायत में 9 और 11 मई, रामपुर में 12 और 13 मई, पलिया में 14 और 15 मई, जलीलपुर में 16 और 18 मई, पवनी में 19 और 20 मई, सिकरौल में 21 और 22 मई, डिहरी में 23 और 25 मई तथा सरेंजा में 26 और 27 मई को शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं नगर पंचायत कार्यालय में 29 और 30 मई को विशेष शिविर लगाया जाएगा। प्रशासन ने सभी लाभार्थियों से तय तिथि पर पहुंचकर प्रमाणीकरण कराने की अपील की है।