शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, बाइक से खेप ले जा रहे दो युवक गिरफ्तार
नया भोजपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक से शराब की खेप लेकर जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पकड़े गए दोनों युवक नवानगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक से शराब की खेप लेकर जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पकड़े गए दोनों युवक नवानगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवानगर थाना क्षेत्र के नवानगर वार्ड संख्या-9 निवासी शिवम कुमार (19), पिता सुशील कुमार तथा मो. मुख्तार (20), पिता मो. अकबर अली के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक संख्या बीआर-44 जे-8230 पर सवार होकर शराब लेकर जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, शराब की तस्करी को लेकर मिली गुप्त सूचना के बाद नया भोजपुर थाना की पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी तेज कर दी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान बाइक से 11 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।कार्रवाई प्रभारी थानाध्यक्ष सुमन कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने शराब और बाइक को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में भी पुलिस लगी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है।

