बंद घर में अज्ञात चोरों ने उड़ाएं लाखों की सामग्री, छत के सहारे घुसे अज्ञात चोर

प्रखंड के नया बाजार वार्ड संख्या 7 में एक बंद घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर से लाखों रुपये मूल्य के अनाज और आभूषण चोरी कर लिए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और हड़कंप का माहौल है।

बंद घर में अज्ञात चोरों ने उड़ाएं लाखों की सामग्री, छत के सहारे घुसे अज्ञात चोर

केटी न्यूज/केसठ। 

प्रखंड के नया बाजार वार्ड संख्या 7 में एक बंद घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर से लाखों रुपये मूल्य के अनाज और आभूषण चोरी कर लिए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और हड़कंप का माहौल है।मामला नया बाजार वार्ड 7 निवासी सुनीता देवी, पति स्व. रमन दुबे से जुड़ा है। पीड़िता ने बताया कि वह पिछले एक महीने से अपने इलाज के लिए हरिद्वार गई हुई थीं। घर से जाने से पहले उन्होंने सभी दरवाजों को अच्छी तरह बंद कर ताला लगाया था।

रविवार की दोपहर इलाज कराकर जब वह वापस लौटीं, तो बाहर से घर का मुख्य दरवाजा और ताला पूरी तरह सुरक्षित मिला। लेकिन जैसे ही वह घर के अंदर प्रवेश कीं, उनका होश उड़ गया। पीड़िता के अनुसार घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर छत के रास्ते साड़ी बांधकर घर में घुसे थे। अलमारी और बक्सों को तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण गायब थे। इसके साथ ही घर में खाने के लिए रखा आटा, चावल और अन्य अनाज भी चोर उठा ले गए। चोरी की यह वारदात इस बात का संकेत है कि चोरों ने काफी समय और इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास की महिलाएं और ग्रामीण मौके पर जुट गए। पीड़िता का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़िता से पूछताछ की।इस संबंध में नवानगर थाना अध्यक्ष कुसुम कुमार केसरी ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है।

पीड़िता द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि घनी आबादी वाले इलाके में छत के सहारे साड़ी बांधकर चोर कैसे घर में घुस गए, किसी को भनक तक नहीं लगी। इससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल घटना के बाद नया बाजार क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।\