शिवपुरी हत्याकांड में पुलिस की जांच प्रेम संबंध की दिशा में तेज, अज्ञात पर केस दर्ज
नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में खाली प्लॉट से बरामद भोजपुर निवासी युवक ओम पाण्डेय की हत्या के मामले में पुलिस जांच अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है। मृतक के पिता कमलेश पाण्डेय के आवेदन पर नगर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

__ भोजपुर के युवक का खाली प्लॉट में मिला था शव, आखिरी बार परिचित युवती से मिलने गया था, कॉल डिटेल और गतिविधियों को खंगाल रही पुलिस
केटी न्यूज/बक्सर।
नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में खाली प्लॉट से बरामद भोजपुर निवासी युवक ओम पाण्डेय की हत्या के मामले में पुलिस जांच अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है। मृतक के पिता कमलेश पाण्डेय के आवेदन पर नगर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े हर पहलू की गहन जांच शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।प्राथमिकी के अनुसार, भोजपुर निवासी ओम पाण्डेय दो जुलाई को अपने बड़े भाई अमर पाण्डेय का स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) बनवाने के सिलसिले में आरा से बक्सर आया था। उसने शाम को परिजनों से फोन पर बातचीत कर बताया था कि कागजी प्रक्रिया पूरी होने में समय लगेगा।

साथ ही उसने आंख दिखाने के बाद घर लौटने की बात कही थी। इस दौरान वह नई बाजार स्थित अपने मित्र अभिषेक पाण्डेय के यहां ठहरा हुआ था।जांच के दौरान अभिषेक ने पुलिस को बताया कि तीन जुलाई की रात करीब 11:30 बजे ओम ने उसे शिवपुरी मोहल्ले में रहने वाली अपनी एक परिचित युवती के घर के पास छोड़ने के लिए कहा। वह उसे संजीत कुमार श्रीवास्तव के घर के समीप उतारकर वापस लौट आया। काफी देर तक ओम के नहीं लौटने पर उसे चिंता हुई। इसके बाद वह अपने मित्र हिमांशु के साथ उसकी तलाश में निकला। खोजबीन के दौरान शिवपुरी स्थित एक खाली प्लॉट में ओम का शव पड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवक के अंतिम समय की गतिविधियों, मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और संपर्क में रहे लोगों की बारीकी से जांच की जा रही है। परिचित युवती से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मृतक के पिता के आवेदन पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश कर हत्या में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

