डुमरांव स्टेशन पर बिजली कटौती की समस्या होगी दूर, हाईटेक सिस्टम से रोशन होगा रेल परिसर

डुमरांव रेलवे स्टेशन पर बिजली आपूर्ति को लेकर लंबे समय से चली आ रही परेशानी अब दूर होने की उम्मीद जगी है। रेलवे ने स्टेशन की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए रविवार की सुबह दो अत्याधुनिक कॉम्पैक्ट सब स्टेशन (सीएसएस) मशीनें स्टेशन परिसर में पहुंचा दीं।

डुमरांव स्टेशन पर बिजली कटौती की समस्या होगी दूर, हाईटेक सिस्टम से रोशन होगा रेल परिसर

__ दो कॉम्पैक्ट सब स्टेशन पहुंचीं, प्लेटफॉर्म से टिकट काउंटर तक निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी; गर्मी में यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव रेलवे स्टेशन पर बिजली आपूर्ति को लेकर लंबे समय से चली आ रही परेशानी अब दूर होने की उम्मीद जगी है। रेलवे ने स्टेशन की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए रविवार की सुबह दो अत्याधुनिक कॉम्पैक्ट सब स्टेशन (सीएसएस) मशीनें स्टेशन परिसर में पहुंचा दीं। इन मशीनों की स्थापना के बाद बिजली कटौती, वोल्टेज में उतार-चढ़ाव और तकनीकी गड़बड़ियों से होने वाली परेशानी पर काफी हद तक अंकुश लगने की उम्मीद है।स्टेशन पर पहुंचीं भारी-भरकम सीएसएस मशीनें अब इंस्टॉलेशन प्रक्रिया से गुजरेंगी। रेलवे की योजना के अनुसार स्थापना और तकनीकी परीक्षण पूरा होने के बाद इन्हें विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से जोड़कर संचालन में लाया जाएगा। इसके बाद स्टेशन परिसर में बिजली आपूर्ति पहले की अपेक्षा अधिक स्थिर और सुरक्षित होने की संभावना है।

__ एक ही यूनिट में ट्रांसफॉर्मर और सुरक्षा उपकरण

कॉम्पैक्ट सब स्टेशन आधुनिक विद्युत प्रणाली का हिस्सा है। इसमें ट्रांसफॉर्मर, स्विचगियर और सुरक्षा से जुड़े उपकरणों को एक ही यूनिट में समाहित किया जाता है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि कम जगह में बिजली वितरण की पूरी व्यवस्था को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सकता है। साथ ही वोल्टेज में होने वाले उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने और विद्युत आपूर्ति को अधिक भरोसेमंद बनाने में भी यह प्रणाली उपयोगी मानी जाती है।

__ यात्रियों को मिलेगी सीधी राहत

नई व्यवस्था का सीधा असर स्टेशन की यात्री सुविधाओं पर पड़ेगा। प्लेटफॉर्म, स्टेशन भवन, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय और अन्य जरूरी हिस्सों में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी। अब तक बिजली आपूर्ति में व्यवधान होने पर यात्रियों और रेलकर्मियों को परेशानी उठानी पड़ती थी। गर्मी के मौसम में पंखे, रोशनी और अन्य विद्युत उपकरणों पर निर्भरता बढ़ने के कारण समस्या और गंभीर हो जाती थी।स्थानीय यात्रियों और लोगों ने रेलवे की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि बिजली व्यवस्था मजबूत होने से डुमरांव स्टेशन की यात्री सुविधाओं में सुधार होगा। रेलवे की ओर से जल्द स्थापना और परीक्षण कार्य पूरा कर सीएसएस को चालू करने की तैयारी है। इसके साथ स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के अन्य कार्य भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं।