द्वितीय भारतीय भाषा की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 29150 परीक्षार्थी हुए शामिल
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के अंतर्गत बुधवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर द्वितीय भारतीय भाषा विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार दोनों पालियों में परीक्षार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही तथा किसी भी परीक्षार्थी के निष्कासन की सूचना नहीं मिली।
केटी न्यूज/बक्सर
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के अंतर्गत बुधवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर द्वितीय भारतीय भाषा विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार दोनों पालियों में परीक्षार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही तथा किसी भी परीक्षार्थी के निष्कासन की सूचना नहीं मिली।प्रथम पाली में द्वितीय भारतीय भाषा की परीक्षा में कुल 13,072 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 12,933 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 139 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि प्रथम पाली में एक भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय पर प्रश्नपत्र वितरण और उत्तर पुस्तिका संग्रह की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई।इसी प्रकार द्वितीय पाली में कुल 12,017 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें 11,865 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 152 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। द्वितीय पाली में भी निष्कासन की संख्या शून्य रही, जिससे स्पष्ट है कि परीक्षा पूरी तरह अनुशासित माहौल में आयोजित की गई।जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं उड़नदस्ता दल भी सक्रिय रहा। नियंत्रण कक्ष से लगातार परीक्षा की मॉनिटरिंग की जाती रही, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।जिला नियंत्रण कक्ष के अनुसार बक्सर जिला अंतर्गत सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों एवं सुरक्षा कर्मियों के सहयोग की सराहना की है।

