मुरार पंचायत में लगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
प्रखंड क्षेत्र की मुरार पंचायत में मंगलवार को मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित "सहयोग शिविर" का शुभारंभ अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत किए।


__अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने किया उद्घाटन
__ विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को वितरित किए स्वीकृति पत्र
केटी न्यूज/चौगाई
प्रखंड क्षेत्र की मुरार पंचायत में मंगलवार को मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित "सहयोग शिविर" का शुभारंभ अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत किए।शिविर का उद्घाटन करते हुए अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके अधिकारों और योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है। सहयोग शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, भूमि विवाद, पेंशन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निष्पादन करना है। इसके साथ ही पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है।शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने अपने-अपने काउंटर लगाकर लोगों की शिकायतें और आवेदन प्राप्त किए।

कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन भी किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाने का आश्वासन दिया गया।इस दौरान अपर समाहर्ता ने पूर्व में निष्पादित आवेदनों से संबंधित स्वीकृति पत्र लाभुकों के बीच वितरित किए। स्वीकृति पत्र प्राप्त कर लाभुकों ने खुशी व्यक्त करते हुए प्रशासन की इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजन से उन्हें प्रखंड और जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, कर्मियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग शिविरों का उपयोग करने की अपील की।

