पटना में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्वास्थ्य रोजगार मेला 25 से
युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से 25, 26 एवं 27 मई को पटना स्थित ज्ञान भवन, उत्तरी गांधी मैदान में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्वास्थ्य एवं संबद्ध क्षेत्र रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी बक्सर ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है।


केटी न्यूज/बक्सर
युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से 25, 26 एवं 27 मई को पटना स्थित ज्ञान भवन, उत्तरी गांधी मैदान में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्वास्थ्य एवं संबद्ध क्षेत्र रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी बक्सर ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि वैसे सभी अभ्यर्थी, जिन्होंने स्वास्थ्य एवं संबद्ध क्षेत्र के किसी पाठ्यक्रम में सफलता प्राप्त की है, वे रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।

मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर अभ्यर्थी के रूप में अपना निबंधन कराना अनिवार्य होगा। इसके बाद अभ्यर्थी अपने पंजीकृत खाते में प्रवेश कर रोजगार उपलब्ध कराने वाली कंपनियों एवं संस्थानों में आवेदन कर सकेंगे।साथ ही अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी दिन का समय निर्धारित कर भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। विभाग की ओर से यह व्यवस्था की गई है कि अभ्यर्थी पूर्व निर्धारित समय के अनुसार मेले में पहुंचकर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संपर्क कर सकें।

प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले से पटना स्थित रोजगार मेला स्थल तक अभ्यर्थियों के लिए विभाग द्वारा नि:शुल्क परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक युवक-युवतियां रोजगार मेले में भाग लेकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने जिले के इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते निबंधन कराने एवं रोजगार मेले में भाग लेने की अपील की है।

