बधार में मिली अधेड़ मजदूर की लाश, रात से था लापता
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर पंचायत भवन के पीछे बधार में मंगलवार की सुबह एक अधेड़ मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत की ओर निकले ग्रामीणों ने शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची मुफस्सिल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

__ जेब में मिले मजदूरी के आठ हजार रुपये, हत्या या हादसा—मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
केटी न्यूज/चौसा
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर पंचायत भवन के पीछे बधार में मंगलवार की सुबह एक अधेड़ मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत की ओर निकले ग्रामीणों ने शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची मुफस्सिल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान बनारपुर गांव निवासी केदार चौधरी (55) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, केदार चौधरी इलाके की एक चिमनी पर मजदूरी करते थे। उनके पुत्र धनु कुमार चौधरी ने बताया कि 22 अगस्त की रात करीब नौ बजे से पिता लापता थे।

देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। परिजन पुलिस को सूचना देने की तैयारी में ही थे कि मंगलवार सुबह बधार में शव मिलने की खबर मिली।शव मिलने की सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उसकी पहचान केदार चौधरी के रूप में की। परिजनों के मुताबिक मृतक की जेब से करीब आठ हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। बताया गया कि यह रकम वह चिमनी से मजदूरी के रूप में लेकर घर लौट रहे थे। रुपये बरामद होने के बाद लूट की आशंका को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है।

__ रात में बधार तक कैसे पहुंचा, जांच का अहम बिंदु
मौत की परिस्थितियों को लेकर पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि केदार चौधरी रात में बधार तक कैसे पहुंचे। शव जिस स्थिति में मिला, उससे ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।मुफस्सिल थानाध्यक्ष शम्भू भगत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक के रात में घर से निकलने से लेकर बधार तक पहुंचने की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।

