प्रगति योजनाओं पर डीएम साहिला सख्त, लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई के संकेत
जिले में चल रही तकनीकी विभागों की योजनाओं को लेकर प्रशासन अब किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में मंगलवार को तकनीकी विभाग, प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप एवं प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क, बिजली, पुल, जलापूर्ति, सिंचाई और कृषि से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की बारीकी से पड़ताल की गई और कई विभागों को सख्त निर्देश जारी किए गए।
-- मंदिर पथ, बाईपास, फ्लाईओवर से लेकर बिजली-पानी तक की योजनाओं की गहन समीक्षा, तय समय-सीमा में काम पूरा करने का अल्टीमेटम
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में चल रही तकनीकी विभागों की योजनाओं को लेकर प्रशासन अब किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में मंगलवार को तकनीकी विभाग, प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप एवं प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क, बिजली, पुल, जलापूर्ति, सिंचाई और कृषि से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की बारीकी से पड़ताल की गई और कई विभागों को सख्त निर्देश जारी किए गए।

बैठक में बाबा ब्रह्ममेश्वर नाथ मंदिर पथ के चौड़ीकरण कार्य में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही सड़क के मार्ग में पड़ने वाले विद्युत खंभों को उचित स्थान पर स्थानांतरित कराने के लिए विद्युत प्रमंडल बक्सर को भी तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया गया।धनसोई बाईपास पथ के निर्माण में भू-अर्जन की प्रक्रिया को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि संबंधित कार्रवाई यथाशीघ्र पूरी की जाए, ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए।

इसी क्रम में इंजीनियरिंग कॉलेज महदह के पहुंच पथ के निर्माण कार्य को भी अविलंब पूर्ण करने का आदेश दिया गया।ग्रामीण कार्य विभाग डुमरांव के कार्यपालक अभियंता द्वारा बैठक में पूर्ण प्रगति प्रतिवेदन एवं फोटोग्राफ्स उपलब्ध नहीं कराए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। पूर्व में स्मारित किए जाने के बावजूद रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने और कार्यों में शिथिलता बरतने के कारण उनसे कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया।जनता दरबार में अत्यधिक विद्युत बिल से संबंधित बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि विशेष कैम्प लगाकर ऐसे मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में सर्विस विद्युत तारों और नीचे लटके हुए तारों को भूमिगत करने के लिए कार्य योजना तैयार करने का भी आदेश दिया गया।

बैठक में एनएचएआई के किसी भी प्रतिनिधि की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और कार्यपालक अभियंता एनएचएआई से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि नहीं होने पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्यों के लिए विद्युत कनेक्शन देने को लेकर डीएम ने कृषि विभाग से बेहतर समन्वय पर जोर दिया। किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक और प्रखंड कृषि पदाधिकारी के साथ तालमेल स्थापित कर पंचायत स्तर पर कैम्प लगाने के निर्देश दिए गए।आरओबी बक्सर वरूणा रेलवे फ्लाईओवर को 15 मार्च तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश पुल निर्माण निगम को दिया गया। साथ ही निर्माणाधीन गहमर-चौसा फ्लाईओवर के किनारे वाले मार्ग पर पर्याप्त मात्रा में मिट्टी गिराने का आदेश दिया गया, ताकि आम जनता को आवागमन में परेशानी न हो।

भभुअर तालाब के जीर्णाेद्धार कार्य को मार्च तक पूरा करने का निर्देश लघु सिंचाई प्रमंडल बक्सर को दिया गया। वहीं केशोपुर बहुग्रामीय जलापूर्ति योजना के तहत प्रत्येक 10 दिन पर सभी वार्डों में आपूर्ति किए जा रहे पानी के सैंपल की जांच कर रिपोर्ट समर्पित करने का आदेश लोक स्वास्थ्य प्रमंडल को दिया गया।बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल अंतर्गत कोईलवर तटबंध पर बन रही सड़क के लिए प्रभावित रैयतधारियों की पहचान कर उचित मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश जिला भू-अर्जन पदाधिकारी और बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को दिया गया।बैठक के अंत में जिलाधिकारी साहिला ने दो टूक कहा कि सभी योजनाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी हों। लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

