बाबा जंगलीनाथ के वार्षिकोत्सव से पहले जलजमाव ने बढ़ाई परेशानी, श्रद्धालुओं का फूटा आक्रोश
बाबा जंगलीनाथ महादेव मंदिर का वार्षिकोत्सव सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के बीच मनाया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, लेकिन मंदिर तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग श्रद्धालुओं के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, जलजमाव और कीचड़ से नाराज श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने रविवार को सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।
__ मुख्य मार्ग की बदहाली पर सड़क पर उतरे लोग, बोले- आश्वासन के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था
केटी न्यूज/डुमरांव।
बाबा जंगलीनाथ महादेव मंदिर का वार्षिकोत्सव सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के बीच मनाया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, लेकिन मंदिर तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग श्रद्धालुओं के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, जलजमाव और कीचड़ से नाराज श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने रविवार को सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि वार्षिकोत्सव में उमड़ने वाली भीड़ और सड़क की बदहाली की जानकारी प्रशासन को पहले से थी। इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस पहल नहीं की गई। लोगों ने आरोप लगाया कि पूर्व में आंदोलन के दौरान प्रशासन ने वार्षिकोत्सव से पहले सड़क को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन आयोजन की पूर्व संध्या तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

बारिश के बाद सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर गया है। कई जगह सड़क कीचड़ और दलदल में तब्दील हो चुकी है। इससे पैदल आने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश और आसपास का गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है। उनका कहना है कि शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग की ऐसी स्थिति प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है। श्रद्धालुओं ने तत्काल जलनिकासी, गड्ढों में भराव और सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है, ताकि वार्षिकोत्सव में आने वाले भक्तों को परेशानी नहीं हो।