शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क किनारे खड़े दो बच्चों की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत

मुरार थाना क्षेत्र के बैदा गांव में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया। अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने मामा की शादी में शामिल होने ननिहाल आए थे और कुछ ही दिनों में घर लौटने वाले थे।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क किनारे खड़े दो बच्चों की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत

केटी न्यूज/चौगाई

मुरार थाना क्षेत्र के बैदा गांव में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया। अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने मामा की शादी में शामिल होने ननिहाल आए थे और कुछ ही दिनों में घर लौटने वाले थे।घटना रात करीब आठ बजे की है। जानकारी के अनुसार, डुमरांव से चौगाईं की ओर मिट्टी लादकर जा रहा एक ट्रैक्टर बैदा गांव के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। सड़क किनारे खड़े दो बच्चों को उसने कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र के मुसवट गांव निवासी 12 वर्षीय आनंद शर्मा और अरियांव निवासी 6 वर्षीय आरडी शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरडी शर्मा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चे अपने मामा दुर्गेश शर्मा की शादी में शामिल होने बैदा गांव आए थे। शादी हाल ही में संपन्न हुई थी और रिश्तेदार धीरे-धीरे वापस लौट रहे थे। इसी बीच यह हादसा हो गया।घटना के समय बच्चे अपने ननिहाल के पास सड़क किनारे खड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।सूचना मिलने पर मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ समय पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।