शराब बिक्री के विरोध पर महिला के परिजनों पर हमला, 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
स्थानीय थाना क्षेत्र के उड़ीयानगंज गांव में शराब बिक्री का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। शराब बेचने से मना करने पर कुछ लोगों ने महिला के भाई और भतीजे के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म:
स्थानीय थाना क्षेत्र के उड़ीयानगंज गांव में शराब बिक्री का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। शराब बेचने से मना करने पर कुछ लोगों ने महिला के भाई और भतीजे के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 25 अप्रैल की बताई जा रही है। थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, छतनवार गांव से आए कुछ लोग क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने का प्रयास कर रहे थे। जब महिला के भाई और भतीजे ने इसका विरोध करते हुए अपने मोहल्ले में शराब बिक्री नहीं होने देने की बात कही, तो आरोपियों ने आक्रोशित होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद पीड़ित पक्ष की महिला ने हिम्मत जुटाकर स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने टिमिल यादव, धर्मराज यादव और टेंगरी यादव को नामजद आरोपी बनाते हुए उनके अलावा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

वहीं, घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जहां उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री लंबे समय से समस्या बनी हुई है और इसका विरोध करने वालों को अक्सर इस तरह की घटनाओं का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई करने और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।

