रफ्तार ने छीनी मासूम की जिंदगी: एनएच-922 पर टोटो को मारी टक्कर, 14 वर्षीय किशोरी की मौत
पटना-बक्सर एनएच-922 पर सोमवार को तेज रफ्तार का खतरनाक चेहरा एक बार फिर सामने आया, जब लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के ठाकुर दयाल सिंह के टोला गांव के समीप एक अनियंत्रित कार ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोरी सजना कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री बाल-बाल बच गए।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
पटना-बक्सर एनएच-922 पर सोमवार को तेज रफ्तार का खतरनाक चेहरा एक बार फिर सामने आया, जब लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के ठाकुर दयाल सिंह के टोला गांव के समीप एक अनियंत्रित कार ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोरी सजना कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री बाल-बाल बच गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टोटो सामान्य रफ्तार से अपनी दिशा में आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और टोटो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार डुमरांव निवासी संजय साह की पुत्री सजना कुमारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।जानकारी के अनुसार कार सवार उत्तर प्रदेश के उन्नाव से अपने परिवार के साथ मुजफ्फरपुर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज गति और लापरवाही मानी जा रही है। टोटो में सवार अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि चालक मुकेश कुमार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है।इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्ती बढ़ाने और स्पीड कंट्रोल के ठोस उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

