80 एमवीए ट्रांसफार्मर को मरम्मत के लिए भेजा गया, एक सप्ताह में सुधरेगी बिजली व्यवस्था
डुमरांव 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र में खराब हुए 80 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर को शनिवार को ग्रिड से खोलकर मरम्मत के लिए अटलांटा कंपनी को भेज दिया गया। ट्रांसफार्मर के ग्रिड से हटाए जाने के बाद अब उसकी जगह नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार करीब एक सप्ताह में नया ट्रांसफार्मर डुमरांव ग्रिड में स्थापित कर दिए जाने की उम्मीद है। इसके बाद अनुमंडल क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति काफी हद तक सामान्य हो जाएगी।
__ डुमरांव ग्रिड से शनिवार को खोला गया खराब ट्रांसफार्मर, अटलांटा कंपनी को पहुंचाया गया; नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद अनुमंडल क्षेत्र में आपूर्ति होगी सुचारू
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र में खराब हुए 80 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर को शनिवार को ग्रिड से खोलकर मरम्मत के लिए अटलांटा कंपनी को भेज दिया गया। ट्रांसफार्मर के ग्रिड से हटाए जाने के बाद अब उसकी जगह नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार करीब एक सप्ताह में नया ट्रांसफार्मर डुमरांव ग्रिड में स्थापित कर दिए जाने की उम्मीद है। इसके बाद अनुमंडल क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति काफी हद तक सामान्य हो जाएगी।

ग्रिड के एसडीओ कुमार अभिषेक ने बताया कि खराब 80 एमवीए ट्रांसफार्मर को शनिवार को खोलकर अटलांटा कंपनी को पहुंचाया गया है। कंपनी स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब एक सप्ताह के अंदर नए ट्रांसफार्मर को ग्रिड में स्थापित करने का लक्ष्य है। इसके बाद डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित होने लगेगी।

गौरतलब है कि हाल ही में डुमरांव ग्रिड में स्थापित 80 एमवीए के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के बाद बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। डुमरांव शहर के अलावा सिमरी, चक्की, केसठ, नावानगर, प्रतापसागर, दलसागर, एकरासी, मुरार, कोरानसराय, चौगाईं और ढकाईच सहित कई इलाकों में बिजली ट्रिपिंग और लंबे समय तक कटौती की समस्या सामने आई थी। गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली के आने-जाने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
__ उपलब्ध संसाधनों से संभाली जा रही आपूर्ति

ट्रांसफार्मर खराब होने के बावजूद बिजली विभाग ने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल रखने का प्रयास किया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था और उपलब्ध क्षमता का समुचित उपयोग करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति दी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को कम से कम परेशानी हो।

एसडीओ कुमार अभिषेक ने बताया कि विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। खराब ट्रांसफार्मर को हटाने और नए ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद बिजली आपूर्ति में आ रही समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इस दौरान उपलब्ध संसाधनों के आधार पर आपूर्ति को यथासंभव सामान्य रखने का प्रयास जारी रहेगा।