खेत की सिंचाई करने गए किसान की करंट लगने से मौत, गांव में पसरा मातम
सिकरौल थाना क्षेत्र के दुबौली गांव में खेत की सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान दुबौली गांव निवासी रामाशंकर साह उर्फ भड़ुका साह (55 वर्ष) के रूप में हुई है।

केटी न्यूज/नावानगर
सिकरौल थाना क्षेत्र के दुबौली गांव में खेत की सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान दुबौली गांव निवासी रामाशंकर साह उर्फ भड़ुका साह (55 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिन रामाशंकर साह अपने खेत की पटवन करने के लिए गांव के दक्षिण बधार स्थित खेत पर गए थे। इसी दौरान वे बिजली के तार की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सिकरौल थानाध्यक्ष अंकुश कुमार मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार घटना गांव के दक्षिण बधार में बसुदेवा-भदार मार्ग के समीप हुई। मृतक खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

