बक्सर से खुलेगी विकास की नई राह, एक्सप्रेसवे और फोरलेन से बदलेगी कनेक्टिविटी

बक्सर के लिए बुधवार का दिन धार्मिक आस्था के साथ विकास की नई उम्मीदें लेकर आया। मुख्यमंत्री बनने के बाद लगातार दूसरी बार बक्सर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वामन द्वादशी के अवसर पर सेंट्रल जेल परिसर स्थित भगवान वामन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।

बक्सर से खुलेगी विकास की नई राह, एक्सप्रेसवे और फोरलेन से बदलेगी कनेक्टिविटी

__ वामन द्वादशी पर सीएम सम्राट ने भगवान वामन की पूजा कर लिया आशीर्वाद, बक्सर-भागलपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और बक्सर-कोइलवर फोरलेन को लेकर बड़ा ऐलान

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर के लिए बुधवार का दिन धार्मिक आस्था के साथ विकास की नई उम्मीदें लेकर आया। मुख्यमंत्री बनने के बाद लगातार दूसरी बार बक्सर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वामन द्वादशी के अवसर पर सेंट्रल जेल परिसर स्थित भगवान वामन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। करीब दस मिनट तक चले पूजन के दौरान उन्होंने भगवान वामन से बिहार की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बक्सर की सड़क कनेक्टिविटी को लेकर प्रस्तावित बड़ी परियोजनाओं की जानकारी देकर जिले में विकास की चर्चाओं को भी नई दिशा दे दी।मुख्यमंत्री ने बक्सर से भागलपुर तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण की बात कही। प्रस्तावित छह लेन एक्सप्रेसवे बक्सर से शुरू होकर आरा, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, जमुई, शेखपुरा और बांका सहित विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ते हुए भागलपुर तक जाएगा।

336 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को अगस्त में राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल चुकी है और इसके निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया प्रस्तावित है।मुख्यमंत्री के मुताबिक इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से बिहार के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा। बक्सर समेत इससे जुड़े जिलों में आवागमन सुगम होने के साथ व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। एक्सप्रेसवे को लेकर सरकार की योजना बक्सर को राज्य के दूसरे महत्वपूर्ण हिस्सों से तेज और बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने की है।

__ ‘विश्वामित्र पथ’ की भी परिकल्पना

मुख्यमंत्री ने बक्सर की कनेक्टिविटी से जुड़ी एक अन्य महत्वपूर्ण योजना का भी संकेत दिया। बक्सर से कोईलवर होते हुए गया तक फोरलेन एक्सप्रेसवे बनाने की योजना पर काम किए जाने की बात उन्होंने कही। प्रस्तावित मार्ग को ‘विश्वामित्र पथ’ नाम दिए जाने की संभावना है। इसके साथ ही बक्सर-कोइलवर तटबंध को फोरलेन किए जाने की बात भी सामने आई। इन परियोजनाओं के मूर्त रूप लेने पर बक्सर की सड़क कनेक्टिविटी में व्यापक बदलाव की उम्मीद की जा रही है।एक्सप्रेसवे और फोरलेन परियोजनाओं की चर्चा ऐसे समय हुई है, जब बक्सर-भागलपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को लेकर राज्य सरकार पहले ही कैबिनेट स्तर पर निर्णय ले चुकी है।

__  वामन मंदिर में पूजा, फिर जीविका दीदियों से संवाद

मुख्यमंत्री बुधवार को करीब 12:30 बजे वामन भगवान मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान वामन का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी साहिला से मंदिर और वामन द्वादशी महोत्सव से जुड़ी जानकारी भी ली। पूजा के बाद मुख्यमंत्री चुरामनपुर के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने जीविका दीदियों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अपने पहले बक्सर दौरे के दौरान भी भगवान वामन मंदिर पहुंचे थे। उस समय मंदिर को केंद्रीय कारा परिसर से अलग कर इसके विकास की दिशा में पहल करने की बात कही गई थी। सरकार ने मंदिर को जेल परिसर से अलग करने के लिए भूमि और अलग चारदीवारी से संबंधित निर्णय भी लिया है।

__ सुरक्षा से लेकर यातायात तक रही कड़ी व्यवस्था

मुख्यमंत्री के आगमन और वामन द्वादशी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। निर्धारित रूट और कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस बल तथा दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। शहर में यातायात को नियंत्रित करने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किया गया।मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आयोजन से आगे बढ़कर बक्सर की भविष्य की कनेक्टिविटी को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दे गया। अब नजर इस बात पर होगी कि प्रस्तावित एक्सप्रेसवे, फोरलेन और ‘विश्वामित्र पथ’ की योजनाएं किस गति से धरातल पर उतरती हैं और इनका वास्तविक लाभ बक्सर सहित संबंधित जिलों को कब मिलना शुरू होता है।