मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, जुलूस की सुरक्षा और रूट व्यवस्था पर मंथन

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर डुमरांव थाना परिसर में सोमवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, जुलूस की सुरक्षा और रूट व्यवस्था पर मंथन

__ शांति समिति की बैठक में एसडीएम-एसडीपीओ ने दिए निर्देश, डीजे और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक; संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल

केटी न्यूज/डुमरांव

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर डुमरांव थाना परिसर में सोमवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राकेश कुमार और एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने किया।बैठक में पर्व के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस की व्यवस्था, रूट निर्धारण, सुरक्षा इंतजाम, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ताजिया जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा और किसी भी तरह की नई परंपरा या नियमों के उल्लंघन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार निगरानी रखेगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।बैठक में नगर क्षेत्र की साफ-सफाई, जल निकासी और बिजली व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को निर्देशित किया गया कि जुलूस मार्ग में लटकते तारों और अन्य तकनीकी खामियों को समय रहते दुरुस्त किया जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।प्रशासन ने मुहर्रम के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की बात कही।

साथ ही जुलूस में किसी भी प्रकार के धारदार हथियार या शस्त्र प्रदर्शन पर भी रोक रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, प्रभारी बीईओ सुधांशु कुमार, कनीय अभियंता मोहम्मद इम्तियाज सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद के विकास कुमार पाठक, डॉ. सुभाष चंद्रशेखर, शत्रुघ्न प्रसाद, राजू सिंह, इस्लाम अंसारी, मगन राय, संजय शर्मा, भुवर सिद्दीकी, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद अलाउद्दीन सहित कई गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।अंत में अधिकारियों ने सभी लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से ही मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सकता है।