बक्सर बॉर्डर पर शराब तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब

बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताकर अंतरराज्यीय तस्करी का बड़ा नेटवर्क एक बार फिर सामने आया है। बक्सर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने मंगलवार की अहले सुबह ऐसी कार्रवाई की, जिसने शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मचा दिया। नियमित जांच के दौरान एक डीसीएम ट्रक से करीब 45 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की गई। कार्रवाई के बाद विभाग ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

बक्सर बॉर्डर पर शराब तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब

--चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर जा रही 45 लाख की विदेशी शराब पकड़ी गई, डीसीएम ट्रक समेत चालक गिरफ्तार

केटी न्यूज/बक्सर

बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताकर अंतरराज्यीय तस्करी का बड़ा नेटवर्क एक बार फिर सामने आया है। बक्सर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने मंगलवार की अहले सुबह ऐसी कार्रवाई की, जिसने शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मचा दिया। नियमित जांच के दौरान एक डीसीएम ट्रक से करीब 45 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की गई। कार्रवाई के बाद विभाग ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी। शराब को बेहद शातिर तरीके से ट्रक के भीतर छिपाकर रखा गया था ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।

लेकिन वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर तैनात टीम की सतर्कता ने तस्करों की पूरी योजना पर पानी फेर दिया।उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि कार्रवाई उत्पाद इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। मंगलवार की सुबह लगभग चार बजे जांच अभियान के दौरान महाराष्ट्र नंबर के एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोका गया। वाहन की तलाशी लेते ही टीम के होश उड़ गए। ट्रक के भीतर भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर की पेटियां भरी हुई थीं।विभागीय जांच में कुल 491 पेटियां बरामद की गईं। इनमें 3456 लीटर विदेशी शराब और 1188 लीटर बीयर शामिल है। कुल मिलाकर 4644 लीटर शराब जब्त की गई।

बरामद ब्रांडों में बुडवाइजर बीयर और क्लासिक ओल्ड हैबिट व्हिस्की के विभिन्न पैक शामिल हैं।अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी खेप किसी संगठित गिरोह के जरिए सप्लाई की जा रही थी और इसके पीछे बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है।मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान सोनू सिंह (45 वर्ष), पिता बलवीर सिंह, निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पूछताछ में उससे तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और डिलीवरी प्वाइंट को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। विभाग यह भी खंगाल रहा है कि खेप बिहार के किन इलाकों में पहुंचाई जानी थी और इसमें स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग शामिल हैं।

उत्पाद विभाग ने शराब, बीयर और डीसीएम ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले में बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सख्त की जाएगी।बक्सर में लगातार हो रही इस तरह की बरामदगी यह संकेत दे रही है कि शराब माफिया नए-नए रास्तों और तरीकों से बिहार में अवैध सप्लाई की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि उत्पाद विभाग की सक्रियता फिलहाल इन नेटवर्कों पर भारी पड़ती दिख रही है।