तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर जख्मी

कोरान सराय-बगेन मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब बनजरियां पुल के समीप एक अनियंत्रित ऑटो ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर तड़पता रहा, जबकि ऑटो चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन समेत फरार हो गया।

तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर जख्मी

__ बनजरियां पुल के समीप हादसा, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर, चालक वाहन समेत फरार

केटी न्यूज/चौगाईं

कोरान सराय-बगेन मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब बनजरियां पुल के समीप एक अनियंत्रित ऑटो ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर तड़पता रहा, जबकि ऑटो चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन समेत फरार हो गया।घटना मुरार थाना क्षेत्र के बनजरियां पुल के पास स्थित तीनमुहानी के समीप की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के बलुआ गांव निवासी बुद्धराम सिंह के 40 वर्षीय पुत्र मंटू सिंह के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार मंटू सिंह अपनी बुलेट बाइक (बीआर 03 डब्ल्यू 3412) से बगेन की ओर से कोरान सराय जा रहे थे। इसी दौरान पुल के समीप उन्होंने बाइक की रफ्तार धीमी की, तभी पीछे से यात्रियों से भरा तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर बाइक में जा भिड़ा।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक ऑटो चालक मौके से फरार हो चुका था।

स्थानीय ग्रामीणों द्वारा तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौगाईं पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। वहीं मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि फरार ऑटो चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।