स्टेशन रोड पर मरम्मत के नाम पर सिर्फ सियासत, गड्ढों से नहीं मिली राहत
डुमरांव शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली स्टेशन रोड इन दिनों बदहाली की ऐसी तस्वीर पेश कर रही है, जहां सड़क से ज्यादा सियासत चमक रही है। करीब चार किलोमीटर लंबी इस सड़क के मरम्मत कार्य को शुरू हुए लगभग नौ महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है। नतीजा यह है कि शहरवासियों को हर दिन गड्ढों, धूल, जलजमाव और जाम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।


__ नौ महीने बाद भी अधूरा पड़ा चार किलोमीटर सड़क निर्माण, जलजमाव और जाम से लोग बेहाल
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली स्टेशन रोड इन दिनों बदहाली की ऐसी तस्वीर पेश कर रही है, जहां सड़क से ज्यादा सियासत चमक रही है। करीब चार किलोमीटर लंबी इस सड़क के मरम्मत कार्य को शुरू हुए लगभग नौ महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है। नतीजा यह है कि शहरवासियों को हर दिन गड्ढों, धूल, जलजमाव और जाम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।सड़क निर्माण को लेकर एक ओर पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह और दूसरी ओर वर्तमान विधायक राहुल कुमार सिंह के बीच श्रेय लेने की होड़ मची रही, लेकिन धरातल पर हालात जस के तस बने हुए हैं।

दोनों जनप्रतिनिधियों की बयानबाजी और राजनीतिक पोस्टरबाजी के बीच शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बाजार से स्टेशन तक का सफर लोगों के लिए परेशानी और जोखिम का कारण बन गया है।स्टेशन रोड की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश और नाली का पानी जमा हो रहा है। इससे दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई बार छोटे वाहन अनियंत्रित होकर पलट जा रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क की दुर्दशा के कारण ग्राहक बाजार आने से भी कतराने लगे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।

वहीं लग्न के मौसम में स्थिति और भयावह हो गई है। शादी-विवाह के कारण वाहनों की संख्या बढ़ने से सड़क पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। भीषण गर्मी में घंटों जाम में फंसे रहने को लोग मजबूर हैं। एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को भी निकलने में भारी कठिनाई हो रही है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता के कारण सड़क मरम्मत का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। शहरवासियों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क की हालत नहीं सुधरी तो आने वाले दिनों में हादसे और बढ़ सकते हैं।

