समृद्धि यात्रा में बक्सर को 592 करोड़ की सौगात, 64 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में बक्सर जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात दी। उन्होंने 592 करोड़ रुपये की लागत से कुल 64 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 106 करोड़ रुपये की लागत से 41 योजनाओं का उद्घाटन तथा 486 करोड़ रुपये की लागत से 23 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। आईटीआई मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर इन योजनाओं की औपचारिक शुरुआत की।

समृद्धि यात्रा में बक्सर को 592 करोड़ की सौगात, 64 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

__ मुख्यमंत्री ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश, जीविका समूहों को करोड़ों की वित्तीय सहायता

केटी न्यूज/बक्सर:

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में बक्सर जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात दी। उन्होंने 592 करोड़ रुपये की लागत से कुल 64 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 106 करोड़ रुपये की लागत से 41 योजनाओं का उद्घाटन तथा 486 करोड़ रुपये की लागत से 23 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। आईटीआई मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर इन योजनाओं की औपचारिक शुरुआत की।समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया और योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली।

इस अवसर पर उन्होंने जीविका से जुड़े स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर वित्तीय सहायता वितरित की। मुख्यमंत्री ने 7,441 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत 33 करोड़ 17 लाख रुपये तथा 7,859 जीविका समूहों को विभिन्न बैंकों के माध्यम से 100 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की विशेष सहायता योजनाओं के तहत अनुदान राशि, आयुष्मान कार्ड, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड एवं कुशल युवा कार्यक्रम के प्रमाण पत्र भी लाभुकों को सौंपे गए।

मुख्यमंत्री के आगमन पर जीविका दीदियों ने स्वागतगान प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे संवाद करते हुए कहा कि बिहार के विकास में जीविका समूहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया और भरोसा दिलाया कि सरकार हर कदम पर उनके साथ है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व में घोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं बक्सर जिले के समग्र विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और इनके पूर्ण होने से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी तथा आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।जिन प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई, उनमें उद्वह सिंचाई योजना, मलई बराज निर्माण, बक्सर-कोईलवर गंगा तटबंध के सुदृढ़ीकरण एवं सुरक्षात्मक कार्य (51.720 किमी), भोजपुर-सिमरी पथ का चौड़ीकरण (9.30 किमी), बक्सर गोलंबर से ज्योति चौक होते हुए बस स्टैंड तक 4-लेन सड़क निर्माण (3 किमी), बड़ी मस्जिद से सेंट्रल जेल तक सड़क चौड़ीकरण (4.20 किमी) तथा एनएच-922 से ब्रह्मपुर प्रखंड कार्यालय होते हुए ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर तक सड़क सुदृढ़ीकरण (2.50 किमी) शामिल हैं।

इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र में 620 क्षमता वाले अटल कला भवन का निर्माण, बक्सर सदर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का नया भवन, धनसोई बाजार बाईपास (4.05 किमी), आईटीआई मैदान में स्टेडियम निर्माण, गंगा नदी पर बने जनेश्वर मिश्र (बयासी) पुल के पहुंच पथ का निर्माण तथा भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां संगीत कॉलेज की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी शामिल हैं। साथ ही सिमरी, चौसा, चौगाई और केसठ प्रखंडों में नए अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है।मुख्यमंत्री ने आईटीआई मैदान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान, राजपुर विधायक संतोष निराला, बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा, डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, पूर्व विधान पार्षद हुलास पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. सत्यप्रकाश, जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य सहित अन्य वरीय अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।