मोबाइल बंद होने से बढ़ी चिंता, सुबह से 16 वर्षीय किशोर लापता

स्थानीय शहर के गौशाला रोड से 16 वर्षीय किशोर के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। रविवार की सुबह से किशोर के घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार के लोग परेशान हैं।

मोबाइल बंद होने से बढ़ी चिंता, सुबह से 16 वर्षीय किशोर लापता

केटी न्यूज/डुमरांव

स्थानीय शहर के गौशाला रोड से 16 वर्षीय किशोर के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। रविवार की सुबह से किशोर के घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार के लोग परेशान हैं।

जानकारी के अनुसार, गौशाला रोड निवासी विजय कुमार का 16 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार रविवार की सुबह अचानक घर से लापता हो गया। काफी समय बीतने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पहले आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई। इसके बाद सगे-संबंधियों, मित्रों और परिचितों के यहां भी जानकारी ली गई, लेकिन किशोर का पता नहीं चल सका।

परिजनों के अनुसार, सौरभ से संपर्क करने के लिए उसके मोबाइल पर फोन किया गया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। बताया गया कि किशोर ने किसी दूसरे नंबर से भी फोन किया था। हालांकि, वह नंबर भी अब बंद बताया जा रहा है। मोबाइल बंद होने के कारण परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

काफी प्रयास के बावजूद किशोर की जानकारी नहीं मिलने पर परिवार में बेचैनी का माहौल है। परिजन उसके सुरक्षित वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं। वहीं, डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि किशोर के लापता होने के संबंध में थाने में अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई करेगी।