हरनीचट्टी अदफा कन्या विद्यालय में शुरू हुई ‘दीदी की रसोई’, छात्राओं को मिलेगा पौष्टिक भोजन
डुमरांव प्रखंड के कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय हरनीचट्टी अदफा में छात्राओं के लिए संचालित होने वाली महत्वाकांक्षी पहल “दीदी की रसोई” का शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री रमा निषाद ने किया।


__ जीविका दीदियों के हाथों होगी भोजन व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण के साथ छात्राओं के स्वास्थ्य पर भी जोर; मंत्री रमा निषाद ने किया उद्घाटन
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव प्रखंड के कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय हरनीचट्टी अदफा में छात्राओं के लिए संचालित होने वाली महत्वाकांक्षी पहल “दीदी की रसोई” का शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री रमा निषाद ने किया। इस पहल के शुरू होने से विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को अब स्वच्छ, सुरक्षित, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सकेगा।‘दीदी की रसोई’ का संचालन जीविका समूह से जुड़ी दीदियों द्वारा किया जाएगा। इसका उद्देश्य जहां एक ओर छात्राओं को बेहतर भोजन व्यवस्था उपलब्ध कराना है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है।

उद्घाटन कार्यक्रम में राजपुर विधायक संतोष निराला सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मंत्री रमा निषाद ने रसोई परिसर का निरीक्षण किया और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, साफ-सफाई तथा संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण और सरकारी संस्थानों में बेहतर सेवा व्यवस्था का उदाहरण है।मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण को लेकर भी गंभीर है।आवासीय विद्यालयों में रहने वाली छात्राओं को समय पर और संतुलित भोजन मिलना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों की भागीदारी से भोजन व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित होंगी।कार्यक्रम में उपस्थित उप विकास आयुक्त बक्सर निहारिका छवि, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव राकेश कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अरविंद कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका दयानिधि चौबे, विद्यालय की प्राचार्य करीना कुमारी, समाज कल्याण पदाधिकारी बबीता कुमारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी इस पहल को सराहनीय कदम बताया।अधिकारियों ने कहा कि ‘दीदी की रसोई’ जैसी योजनाएं सरकारी संस्थानों में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देती हैं। इससे छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

इस अवसर पर विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मंत्री रमा निषाद ने विद्यालय में पठन-पाठन की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने शिक्षकों से छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील की।कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक, जीविका दीदियां, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ‘दीदी की रसोई’ के शुभारंभ को विद्यालय परिवार ने छात्राओं के लिए एक नई सुविधा की शुरुआत बताते हुए स्वागत किया।

