डुमरांव एसडीएम ने दूर की श्री महाबीरी झंडा पूजा समिति की भ्रांतियां, बोले सिर्फ डीजे पर लगाया गया है रोक
डुमरांव एसडीएम राकेश कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान शहर के कुछ लोगों द्वारा जुलूस में साउंड सिस्टम पर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर किया है।
-- शांति समिति की बैठक में उत्पन्न असमंजस पर जताया खेद, बोले समिति को हर संभव मदद करेगा अनुमंडल प्रशासन
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव एसडीएम राकेश कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान शहर के कुछ लोगों द्वारा जुलूस में साउंड सिस्टम पर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर किया है। प्रेस वार्ता में एसडीएम ने कहा कि सुप्रिम कोर्ट के निर्देश पर डीजे पर पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन लाउड स्पीकर पर रोक नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि महाबीरी झंडा पूजा समिति द्वारा दिए गए आवेदन पर जुलूस के दौरान साउंड बॉक्स बजाने की अनुमति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जुलूस को लेकर उनके पास दो आवेदन आए थे, दोनों को स्वीकृति दी जा चुकी है।

वहीं, शांति समिति की बैठक के दौरान उपजे विवाद पर उन्होंने मीडिया के सामने सार्वजनिक रूप से खेद प्रकट किया है और कहा कि अनुमंडल प्रशासन महाबीरी झंडा जुलूस निकाले जाने को लेकर हर संभव मदद करते आया है और आगे भी करेगा। उन्होंने कहा कि जुलूस के मद्देेनजर पुलिस, अग्निशमन वाहन तथा एंबुलेंस को तैयार रखा गया है। वहीं, एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि वसंत पंचमी के पहले नियमों तथा राज्य सरकार के गाइड लाइन के तहत सभी डीजे संचालकों से बंध पत्र भरवाया गया था। एसडीएम ने कहा कि यह प्रशासन की नियमित प्रक्रिया है। जबकि कुछ लोगों द्वारा यह अफवाह फैलाया जा रहा है कि साजिश के तहत डीजे संचालकों से बंध पत्र भरवाया गया है।

-- समिति की बैठक में नहीं निकला ठोस परिणाम
दूसरी तरफ बड़ी संगत मठिया में श्री महाबीरी झंडा पूजा समिति के सदस्यों की भी एक बैठक हुई, लेकिन मीडिया को संबोधित करने के दौरान समिति संयोजक अभी इस निर्णय पर नहीं पहुंच पाए है कि रामनवमी के दिन जुलूस निकलेगा की नहीं। समिति सदस्य बार-बार मठिया परिसर में ही वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की मांग पर अड़े रहे। हालांकि, एसडीएम द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित कर शांति समिति की बैठक में उपजे विवाद पर खेद जताने के बाद अब गेंद श्री महाबीरी झंडा पूजा समिति के पाले में चली गई है। देखना है कि समिति अब क्या निर्णय लेती है, इस पर पूरे शहर की निगाहे टिकी है।

