किसान के बेटे ने रचा इतिहास, लेफ्टिनेंट बनकर बढ़ाया बक्सर का मान
भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में चयनित होकर नियाजीपुर गांव के किसान पुत्र लेफ्टिनेंट मनोज कुमार पाठक ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे बक्सर जिले का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर इंडियन एक्स-सर्विसमैन (आईईएसएम) बक्सर की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।


__ आईईएसएम बक्सर ने लेफ्टिनेंट मनोज कुमार पाठक को अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर किया सम्मानित
केटी न्यूज/बक्सर।
भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में चयनित होकर नियाजीपुर गांव के किसान पुत्र लेफ्टिनेंट मनोज कुमार पाठक ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे बक्सर जिले का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर इंडियन एक्स-सर्विसमैन (आईईएसएम) बक्सर की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईईएसएम बक्सर के चेयरमैन डॉ. मेजर पीके पाण्डेय ने की। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने लेफ्टिनेंट मनोज कुमार पाठक को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस दौरान उनके पिता एकराम पाठक भी मौजूद रहे।समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मेजर पीके पाण्डेय ने कहा कि आईईएसएम बक्सर की ओर से जिले के प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार इस तरह के सम्मान समारोह आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि किसान परिवार का बेटा सेना में अधिकारी के रूप में चयनित होता है, तो यह पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करने का संगठन का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।सम्मान से अभिभूत लेफ्टिनेंट मनोज कुमार पाठक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि सफलता की राह आसान नहीं थी। उन्हें कई बार असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन हर असफलता ने उन्हें कुछ नया सिखाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनके पिता एकराम पाठक ने कहा कि परिवार ने केवल प्रयास और सहयोग किया, जबकि सफलता का वास्तविक श्रेय बेटे की मेहनत, लगन और जुनून को जाता है।

आईईएसएम के जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने कहा कि जिले के चार युवाओं का सेना में चयन बक्सर के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। इनमें तीन चयनित युवा सेना के सूबेदारों के पुत्र हैं, जबकि लेफ्टिनेंट मनोज पाठक किसान परिवार से आते हैं। यह उपलब्धि बताती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत के बल पर मंजिल हासिल की जा सकती है।कार्यक्रम में सभापति कैप्टन बीएन पाण्डेय समेत संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

