बेखौफ वारदात: पवनी में लाखों की चोरी से दहशत
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवनी गांव में सोमवार की देर रात अपराधियों ने दुस्साहस की ऐसी पटकथा लिखी, जिसने पूरे इलाके की नींद उड़ा दी। चोरों ने पहले घर के लोगों को भीतर कैद किया और फिर इत्मीनान से लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घटना ने ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
केटी न्यूज/चौसा
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवनी गांव में सोमवार की देर रात अपराधियों ने दुस्साहस की ऐसी पटकथा लिखी, जिसने पूरे इलाके की नींद उड़ा दी। चोरों ने पहले घर के लोगों को भीतर कैद किया और फिर इत्मीनान से लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घटना ने ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।पीड़ित रमेश कुमार गोंड के अनुसार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने उनके घर के मुख्य दरवाजे के साथ-साथ छोटे भाई उमेश गोंड के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।

अंदर सो रहे परिवार को भनक तक नहीं लगी। करीब एक बजे जब नींद खुली और दरवाजा नहीं खुला तो अनहोनी की आशंका हुई। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और किसी तरह दरवाजा खोला गया।दरवाजा खुलते ही घर का दृश्य देख सबके होश उड़ गए। कमरे अस्त-व्यस्त थे, बक्से टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। छानबीन में पता चला कि चोर सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन, वस्त्र और अन्य कीमती सामान लेकर चंपत हो चुके थे। कुछ सामान घर से थोड़ी दूरी पर फेंका मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने आराम से छंटाई कर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रात गश्ती की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित परिवार ने शीघ्र कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

