बोर्ड परीक्षा पर प्रशासन की सख्ती, डीएम ने खुद संभाली कमान
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को जिला दंडाधिकारी साहिला स्वयं मैदान में उतरीं और शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
__ केंद्रों का औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिया स्पष्ट संदेश—कदाचार पर जीरो टॉलरेंस
केटी न्यूज/बक्सर
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को जिला दंडाधिकारी साहिला स्वयं मैदान में उतरीं और शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीबी हाई स्कूल तथा इंदिरा हाई स्कूल परीक्षा केंद्र का जायजा लिया।

डीएम ने केंद्रों पर प्रवेश व्यवस्था, कक्ष निरीक्षण की प्रक्रिया, दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षार्थियों की जांच व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।जिला दंडाधिकारी ने मौके पर मौजूद दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों और वीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहें और परीक्षा कक्षों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें, ताकि किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि की गुंजाइश न रहे।डीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि परीक्षा की साख से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा।

यदि कदाचार या लापरवाही की शिकायत सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई तय है। उन्होंने परीक्षार्थियों से भी नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने की अपील की।प्रशासनिक सख्ती का असर केंद्रों पर साफ दिखाई दिया। सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही और परीक्षा प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती दिखी। जिला प्रशासन का यह कदम साफ संकेत देता है कि इस बार बोर्ड परीक्षा को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।

